महासमुन्द
भैरव सूंघकर बड़ी आसानी से अपराधियों तक पहुंचता है और लीजा हत्या, सामूहिक बलात्कार मामले में सिद्ध है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13अप्रैल। महासमुंद जिले में बढ़ते क्राइम से निपटने भिलाई की लीजा पुलिस का साथ देने आई हैं। पुलिस विभाग ने लीजा को भिलाई से यहां लाकर पदस्थ किया है।
चूंकि वह अब महासमुंद जिला क्षेत्र में क्राइम घटनाओं में अपनी ड्यूटी करेंगी। लिहाजा अभी वह महासमुंद के वातावरण में ढल रही हैं।
फीमेल डॉग लीजा को 6 महीने पहले शिल्पा की मौत, हनी और राणा के रिटायर होने के बाद यहां की कमान मिली है। अब वह मेल डॅाग भैरव के साथ जिले की टोह लेंगी।
बेल्जियम डॉग भैरव पहले से महासमुंद में अपनी सेवाएं दे रहा है। वह दिखने में बड़ा सीधा सादा है लेकिन काफी चालक और डेंजर है। उसकी सूंघने की शक्ति बेहद तेज है।भैरव नारकोटिक्स मामलों के लिये यहां पदस्थ है। जबकि लीजा ने भिलाई में अनेक बड़े क्रिमिनल्स का पर्दाफाश किया है। इस तरह जिले में हत्या, डकैती, चाकूबाजी सहित बड़े क्राइम के आरोपियों को पकडऩे अब पुलिस के पास भैरव के अलावा नई ट्रेकर डॉग लीजा तैयार है।
विभागीय जानकारी अनुसार रैंक के अनुसार ही पुलिस डॉग की व्यवस्था करनी होती है। लेकिन जिला मुख्यालय में यह सुविधा नहीं होने की वजह से यहां रैंक बंद कर दिया गया है। अन्यथा डीएसपी, एएसपी, एसपी तथा आईजी रैंक तक के डॉग पुलिस विभाग में काम करते हैं। काम के अनुसार इनका प्रमोशन होते जाता है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुुसार किसी भी नए पुलिस डॉग को नए स्थान में पोस्टिंग के बाद 6 माह उसे संबंधित स्थान के वातावरण में ढाला जाता है। महासमुंद पुलिस विभाग में पदस्थ हुई लीजा हत्या जैसे गंभीर अपराधियों की गंध सूंघने में माहिर है। महासमुंद पुलिस विभाग में में कुल 3 डॉग का पद है। इसमें से 2 पदों पर ही भर्ती हुई है। अब भी एक पद खाली है।
डेढ़ साल की लीजा महज 6 माह में ही शहर को समझ चुकी है। लीजा की देखभाल के लिए 12 हजार रुपए शासन की ओर से मिलते हैं। जबकि भैरव को 8 हजार मिल रहे थे। हाल ही में भैरव की तनख्वाह भी बढ़ाई गई है।
बम ट्रैक करने में शिल्पा ने पुलिस की मदद की थी
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सहित बड़े वीआईपी की ड्यूटी कर चुकी शिल्पा की आज से कुछ साल पूर्व मौत हो गई। कोमाखान में बम ट्रैक करने में शिल्पा ने पुलिस की बखूबी मदद की थी। ट्रेनरों ने बताया कि तेज तर्रार और चालक शिल्पा को खोने का उन्हें आज भी दु:ख है। शिल्पा के जाने के बाद हनी राणा जॉन को यहां की कमान मिली थी, जो अब काफी बुजुर्ग हो गया है। फलस्वरूप उन्हें रिटायर घोषित किया गया। इसके बाद भैरव अकेले ही जिले का कमान संभाल रहा था। उनके साथ अब लीजा आ चुकी है।
भैरव के बारे में कहा जाता है कि यदि घटना के 1 घंटे बाद भी घटना स्थल पर उसे ले जाया जाए तो वह आसानी से चोरों के फरार होने वाले रास्ते को सूंघते हुए उस दिशा में दौडऩे लगता है। शरीर से पुष्ट भैरव हत्या जैसे अपराध होने पर जिस चीज से हत्या हुई है, उस औजार का पता ढूंढ लेता है। वह आरोपियों की गंध संूधने में माहिर है। भैरव ने सूंघकर बड़ी आसानी से कई अपराधियों तक पहुंचने में सफलता पाई है। जबकि लीजा हत्या, सामूहिक बलात्कार, चाकूबाजी जैसी वारदातों में आरोपी की गंध सूंघकर उन पर टूट पड़ती है। लीजा के ट्रेनर योगेश कुमार हैं, जबकि भैरव को सुशील शुक्ला ट्रेनिंग देते हैं।
विभागीय जानकारी अनुसार विस्फोटकों की जांच अथवा किसी आपराधिक घटना में सुराग का पता लगाने के काम में लाए जाने वाले डॉग स्चड में शामिल कुत्तों को कड़े प्रशिक्षण की अग्नि परीक्षा से गुजरना होता है। एक कुत्ते को प्रशिक्षित प्रशिक्षण दिया जाता है। कुत्ते को इस तरह से ट्रेन्ड किया जाता है कि वह हर परीक्षा में पास हो जाए। इसके बाद ही उसे जिले के लिए आबंटित किया जाता है। डॉग स्चड में शामिल करने के लिए कुत्तों को हैदराबाद के बाजार से खरीदा जाता है।
उसके बाद उनकी कठिन ट्रेनिंग और परीक्षा होती है। जिसके लिए सरकार लाखों रुपए खर्च करती है। इसके बाद उन परीक्षाओं में पास हो जाने पर डाग की नियुक्ति पुलिस में होती है। पुलिस में आने के बाद फिर से नौ माह का लंबा और कठोर परीक्षण के बाद ये डॉग सीबीसीआईडी के अफसर की टीम के साथ करती है।
ट्रेनर सुशील शुक्ला, योगेश कुमार ने बताया कि डॉग स्चड लीजा, भैरव को सुबह नाश्ते में आधा किलो दूध और चार सौ ग्राम आटा दिया जाता है। जबकि शाम को आधा किलो मीट और आधा किलो हरी सब्जी दी जाती है। सुबह शाम इन्हें घुमाया जाता है। इनका समय-समय पर कुशल पशु चिकित्सकों से चेकअप भी कराया जाता है। ताकि ये फिट हैं या नहीं, इसकी जानकारी मिलती रहे। इसके अलावा बीच-बीच में ट्रेनिंग के लिए भी इन्हें ग्वालियर भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि बाजार जाकर कुत्तों की नस्ल देखकर खरीदारी होती है। खरीदते वक्त उनकी उम्र एक वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके बाद कुत्ते को भिलाई के श्वान दल मुख्यालय या मध्यप्रदेश के ग्वालियर या फिर पंजाब के पंचकुला के ट्रेनिंग सेंटर में 6 से 9 माह की ट्रेनिंग देकर आवंटित किया जाता है। इसके बाद ही उन्हें जिलों को भेजा जाता है और जिलों में आकर भी उन्हें ट्रेनिंग में रखा जाता है।
लीजा को दौडऩा पसंद, भैरव को ठंडे पानी में नहाना
जिस प्रकार एक इंसान की दिनचर्या होती है उसी प्रकार लीजा और भैरव की रोजाना की दिनचर्या है। लीजा और भैरव के लिए 10 बाई 10 का चर्टर अलार्ट है। जहां उसके लिए पूरी तरह से सुविधाएं मौजूद है। ट्रेनर द्वारा उसकी पूरी तरह से देखभाल की जाती है। सप्ताह में एक बार इसके कानों की डेटॉल और कॉटन से सफाई की जाती है ताकि सूंघने के साथ इसकीश्रवण शक्ति कमजोर न हो। लीजा को दौडऩा पसंद है और भैरव को ठंडे पानी में नहाना बहुत पसंद है। नहाने के दौरान वह अपने ट्रेनर के साथ काफी मस्ती करता हुआ नजर आता है। जबकि आमतौर पर सामान्य कुत्ते पानी से दूर भागते हैं।