महासमुन्द

किसी को यदि अमर होना है तो उसे साहित्य का सृजन करना चाहिए...
11-Apr-2025 7:20 PM
किसी को यदि अमर होना है तो उसे साहित्य का सृजन करना चाहिए...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11 अप्रैल। महासमुंद स्थित स्वाध्याय भवन में कल गुरुवार की शाम साहित्य संस्था काव्यांश और जनवादी लेखक संघ के संयुक्त तत्वावधान मेें पुस्तक समीक्षा एवं पुस्तक विमोचन का कार्यक्रम आहुत हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. परदेशीराम वर्मा प्रदेश अध्यक्ष जनवादी लेखक संघ थे। अध्यक्षता साहित्यकार एस. चंद्रसेन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कवि एवं साहित्यकार अशोक शर्मा और  पूर्णचन्द्र रथ महासचिव जनवादी लेखक संघ मौजूद थे।

सरस्वती आराधना के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पश्चात अतिथियों का स्वागत गमछा और श्रीफल-पुष्प भेंटकर किया गया।  इस अवसर पर डॉ. परदेशी राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के रचनाकार अब भी प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए नित नई रचनाएं तैयार कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में हमने रचनाकारों के बड़े दौर को देखा, साहित्यकारों को देखा है। छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देशभर में साहित्यकारों की एक जमाने में बड़ी हैसियत थी। जननेता-राजनेता भी उनका सम्मान करते थे, उनकी लेखनी को बड़ा मानते थे, उनकी इज्जत करते थे। जब-जब राजनीति लडख़ड़ाती थीं..साहित्य उसे सहारा देता था। लेकिन अभी जो दौर चल रहा है, मैंने ऐसा दौर कभी नहीं देखा। उथल पुथल का दौर चल रहा है। आज बड़े से बड़े साहित्यकारों को कोई नहीं पूछता। हम लेखक बिरादरी की पूछ परख खत्म हो चुकी है।

कहा कि इस देश के सभी राज्यों की अपनी भाषा और बोली है, लेकिन एक अकेला ऐसा छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य है जो गूंगा है। संवैधानिक रूप से उनकी अपनी बोली-भाषा नहीं है।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार श्रीमती एस. चंद्रसेन ने कहा कि साहित्य के जरिए लेखक सदैव जीवित रहता है। वह आसपास की दुनिया से अच्छी तरह वाकिफ होता है। देश-दुनिया पर पैनी नजर रखता है और लोगों को सीख देने, विपत्तियों से आगाह करने कोई रचना गढ़ देता है। घर से शुरू होकर न जाने कहां-कहां तक उनकी सोच पहुंचती है और उनकी संवेदनाएं शब्दों के जरिए कागज पर उतर जाती हैं।

 उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन की दरकार है और जब भी ऐसे आयोजन महासमुंद में हों तो खुद भी एक वाल्टियर की तरह काम करते कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराना चाहेंगी।   विशेष अतिथि डॉ. अशोक शर्मा ने अपने चिर परिचित अंदाज में भिलाई से पहुंचे साहित्यकारों का स्वागत करते हुए अपनी बातें रखी और कहा कि किसी को यदि अमर होना है तो उसे साहित्य का सृजन करना चाहिए। उनकी रचनाएं यदि समाज और मानव सभ्यता को विलुप्त होने से बचाती है तो उनके जिंदा रहने का समय युगों तक जारी रहता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सीख देने वाली कविताओं की जरूरत है। खासकर ऐसे समय में जब लोग मोबाइल कंप्यूटर के आदि हैं।  विशेष अतिथि पूर्ण चंद्र रथ ने कहा कि बेशक साहित्यकार एक कट्टर समाज सुधारक होता है। वह चाहता है कि दुनिया ऐसे चले जहां किसी भी जीव को कोई परेशानी न हो। वह विपत्ति को भांपता है औैर उससे बचाने के लिए साहित्य सृजन करता है। सारा भेद शब्दों में उतारता है कविता के रूप में, व्यंग के रूप में या सहित्य के रूप में। अत: सृजन जरूरी है और सृजन की यात्रा लगातार जारी रहे, इसीलिए साहित्यकारों को एक जगह बैठकर विचार-विमर्श करना जरूरी है।

पुस्तक समीक्षा से पहले स्वागत भाषण काव्यांश के संस्थापक भागवत जगत भूमिल ने कहा कि आधुनिक दौर में भी साहित्य सृजन का काम जारी है. दुर्ग भिलाई के साहित्यकारों ने महासमुंद की धरती को अपनी कृतियों की समीक्षा और विमोचन के लिए चुना. यह संदेश  महासमुंद में साहित्य और साहित्यकारों का मनोबल बढ़ाता है, पश्चात कमलेश चन्द्राकर द्वारा रचित बाल काव्य संग्रह सारा जहां हमारा है की समीक्षा द्रौपती साहू सरसिज ने, बाल काव्य संग्रह स्कूल के दिन आए फिर और दादी अम्मा गई किधर की समीक्षा पत्रकार उत्तरा विदानी ने तथा सारी दुनिया एक तरफ की समीक्षा साहित्यकार सरिता तिवारी ने की।

वहीं लेखक बद्रीप्रसाद पारकर की आत्मकथा वाली किताब ‘धीरे-धीरे उतरे पार’ की समीक्षा डॉ. बंधु राजेश्वर खरे ने की। इस दौरान डॉ. अशोक आकाश बालोद वाले का एक काव्य संग्रह मदिरालय का विमोचन भी अतिथियों ने किया। इस अवसर पर राम गोपाल यादव, डॉ. रिखी राम साहू, लक्ष्मीचंद देवांगन, दिशा नाट्य कला मंच से नरेश साहू, कमलेश साहू  उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट