महासमुन्द
रोज 70-80 किमी सायकल चलाता है अब तक 4 राज्यों की 13 सौ किमी की यात्रा पूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल। दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड के हजारीबाग जिला के ग्राम हटवे निवासी 27 वर्षीय आदिवासी दिव्यांग सजुल नकली हाथ व पैर के सहारे भारत की यात्रा करने सायकल से निकला है। वह अब तक 4 राज्यों की 13 सौ किलोमीटर की यात्रा कर चुका है। सजुल कल जिले के ग्राम बरबसपुर भूकेल स्थित एक होटल में ठहरा था। इसकी जानकारी मिली तो भूकेल के एक युवक नरेश पारेश्वर उनसे मिलने पहुंचे। और इसकी खबर हमारे संवाददाता को दी।
नरेश के पूूछने पर सजुल टुडू ने बताया कि उसने 18 मार्च 2025 से भारत भ्रमण के लिए सायकल से यात्रा शुरू की है। वह 7वीं तक पढ़ा है और प्रतिदिन 70 से 80 किलोमीटर सायकल चलाता है। अब तक उसने झारखंड से पश्चिम बंगाल होते हुये ओडि़शा राज्य में प्रवेश किया। अबी तीन दिन पहले ही जशपुर रायगढ़ छग पहुंचा। अब तक 20 दिनों में 1 हजार 323 किलोमीटर की यात्रा बिना पैसे के कर चुका।
उसने कहा कि इस स्थिति में सायकल से भारत भ्रमण करने का उसका उद्देश्य केवल अपने जैसे कई दिव्यांगों को प्रेरित करना है। सजुल कहते हैं कि कोई भी अपनी दिव्यांगता का रोना न रोयें। बल्कि जो ईश्वर ने दिया है, उसी में खुश रहकर आनंद से जीवन जीयें। अपनी दृढ इच्छा शक्ति व साहस और जुनून से अपने लक्ष्य व सपने को पूरा करें। उसने बताया कि झारखंड सरकार विकलांगता के नाम पर वर्तमान में उसे 3 हजार रुपए प्रतिमाह बतौर पेंशन देती है। बहरहाल घर में उसके माता-पिता के अलावा 3 भाई व दो बहने हैं। उसने बताया कि नारायण सेवा संस्थान ने उसे नकली हाथ-पैर लगाकर दिया है। जिससे जीवन जीने की उम्मीद जागी है। इसीलिए दिव्यांगों को प्रेरित करने भारत भ्रमण करने की ठान ली।
उसने बताया-गरीबी के कारण कक्षा 7वीं के बाद आगे पढ़ नहीं पाया। इसलिए यहीं पढ़ाई छोड़ दी अपने गांव के 35 अन्य साथियों के साथ विद्युत टावर ट्रांसमिशन लाइन में काम करने असम चला गया। उस समय वह 17 वर्ष का था कि 24 दिसम्बर 2014 को विद्युत टावर ट्रांसमिशन लाइन में 50 फीट ऊपर चढक़र कार्य करते लोहे का एक एंगल उस पर गिरा और वह बेहोश हो गया। 3 माह उपचार के बाद हाथ व पैर गंवा कर घर आया। तभी से यह जीवन जारी है।