महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 7 अप्रैल। सुशासन तिहार.2025 अब से कुछ घंटों बाद कल 8 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारी को अंतिम रूप देने जुटा है। लेकिन जिले की हालात यह है कि पंचायत सचिवों की हड़ताल के चलते गांवों में रोजगार सहायक, पशु चिकित्सा अधिकारी, महिला बाल विकास पर्यवेक्षक,, कृषि विस्तार अधिकारी के साथ-साथ कुछ पंचायतों में प्रशिक्षु सचिवों की तैनाती की गई है। इसके अलावा कुछ पंचायतों को मिलाकर सेक्टर अधिकारी भी तैनात किये गए हैं। जिले भर के पंचायत सचिव पिछले 21 दिनों से हड़ताल कर रहे हैं। वहीं सचिवों का एक प्रतिनिधि मंडल ने सप्ताह भर पूर्व ही पंचायत एवं प्रभारी मंत्री से भी बातचीत का प्रयास किया। लेकिन सफल नहीं हुए और हड़ताल जारी है।
पिछले 21 दिनों से चल रही इस हड़ताल ने जिले भर की पंचायतों के कामकाज की कमर तोड़ कर रख दी है। अप्रैल की भीषण गर्मी के बीच वाटर लेवल अभी नीचे जा रहा है। ग्रामों में हैंडपंप खराब हो चुके हैं। अब नए पंप बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने का काम सचिव का होता है।
लेकिन बिना सचिव के प्रस्ताव नहीं हो सकता। फलस्वरूप ग्रामों में पेयजल संकट के अलावा अन्य मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा राशन कार्ड निराश्रित पेंशन सहित अनेक काम प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार से शासन का सुशासन तिहार होने वाला है। जिसकी तैयारी प्रशासन कर रहा है। ऐसे में यदि प्रशासन किसी अन्य कर्मचारी को पंचायत का काम निबटाने के लिए प्रभार सौंपता है तो भी जिले भर के पंचायतों में काम नहीं हो पाएगा। क्योंकि पंचायत की चाबी सचिवों के पास है। जो पहली बार सरपंच बने हैं उन्हें पंचायतों के काम का अनुभव नहीं है। नये सरपंचों का प्रभार तो हुआ लेकिन स्पेसिमेन हस्ताक्षर के नमूने का वेरिफिकेशन नहीं हो सका है। सचिव हड़ताल पर है। ऐसे में नये सरपंच भी बेबस होंगे।