महासमुन्द
लहरौद में सार्वजनिक व लाखागढ़ में तालाब भूमि पर अवैध कब्जा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 अप्रैल। नगर के आसपास शासकीय भूमि एवम तालाब सूखते ही तेजी से अवैध कब्जा होने लगा है। ग्राम पंचायत लहरौद के डिपोपारा वार्ड नम्बर 11 में नयापारा खुर्द निवासी लोकनाथ डड़सेना उर्फ लोककु , पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में पदस्थ भृत्य गीताराम डड़सेना द्वारा शासकीय भूमि खसरा नम्बर 624 /1 पर अवैध कब्जा करने की शिकायत मोहल्ले वासियों ने अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा एवम थाना प्रभारी पिथौरा से की है, वहीं लाखगढ़ का निस्तार तालाब सूखते ही पूर्व से दुकानें बना कर किराये पर देने वाले उद्योगपति ने तालाब में एक और दुकान बना डाली।
लाहरौद ग्रामवासियों ने बताया कि ग्राम डिपोपारा में पूर्व में किसी प्रकार का रंगमंच या भवन नहीं होने के कारण एकलव्य हॉस्टल के समीप छोटे से खाली पड़े शासकीय भूमि पर गणेशोत्सव व दुर्गोत्सव के समय पूरे मोहल्ले वासी मिलकर उस जगह पर गणेश व दुर्गा बैठाकर भक्तिमय ढंग से पूजा अर्चना करते थे । उसके बाद नयापारा निवासी जमीन दलाल लोकनाथ डड़सेना लोककु द्वारा गांव में यह बोलकर की एकलव्य हॉस्टल के चौकीदार के लिए भवन बनने की बात कर उक्त भूमि में ग्रामवासी को गुमराह कर अवैध निर्माण कर अपने रिश्तेदार गीताराम डड़सेना को उक्त अवैध मकान को दे दिया। उसके बाद विगत कुछ दिन पूर्व अवैध मकान के सामने गांव की गली में गीताराम डड़सेना व लोकनाथ डड़सेना द्वारा बाउंड्रीवाल कर घेरा किया जा रहा था, जिस पर गांव वाले ने 27 फरवरी को तहसीलदार पिथौरा व थाना प्रभारी पिथौरा को लिखित शिकायत कर अवैध बाउंड्रीवाल को मुक्त कर गांव की गली बचाने की मांग की जिस पर तहसीलदार , प्रशासन द्वारा आज तक किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नही की ।
तहसीलदार के निष्क्रियता के चलते ज्ञापन देने के माहभर से ज्यादा समय के बाद कार्यवाही नहीं होने पर अवैध कब्जाधारियों के हौसले बुलंद हुए जिससे आज फिर 5 अप्रैल को शनिवार व रविवार अवकाश होने का फायदा उठाकर क़ब्जाधरियों ने कब्जा का काम शुरू किया। जिस पर पुन: गांव वालों ने अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन देकर चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही इस अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामवासियों द्वारा नेशनल हाइवे का चक्का जाम व आमरण अनशन किया जाएगा ।
ग्रामवासियों ने बताया कि लोकनाथ डड़सेना ग्राम पंचायत लहरौद के दर्जनों शासकीय भूमि में अवैध निर्माण किया जिसमे नयापारा खुर्द के साहू समाज भवन के पास व गौठान के समीप लोकनाथ द्वारा अवैध कब्जा कर मकान निर्माण किया है जिस पर प्रशासन मूकदर्शक बन कर काम रही है इससे क़ब्जाधारियो के हौसले बुलंद है ।
दूसरी ओर लाखागढ़ निस्तार तालाब भी अब अवैध कब्जों से पटने लगा है।पूर्व में एक उद्योगपति ने 8 दुकाने बना कर उन्हें किराये पर दे दिया।अब विगत निकाय चुनावों में आचार संहिता का लाभ उठा कर पुन: एक और दुकान बना दी।
ग्रामीणों के अनुसार विगत दिनों स्थानीय तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी तालाब की भूमि का नाप जोख कर उसे आबादी बता रहा था परन्तु ग्रामीणों द्वारा पुराना नक्शा दिखा कर तालाब की भूमि बताये जाने पर पटवारी के बगैर पंचनामा रिपोर्ट बनाये ही मौके से चले जाने से ग्रामीण पूरा मामला लेनदेन का संदेह व्यक्त कर संदिग्ध मान कर इसकी शिकायत कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री से किये जाने की बात कही है।