महासमुन्द

मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में 4 साल बाद भी हमर लैब योजना शुरू नहीं...
07-Apr-2025 2:51 PM
मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में 4 साल  बाद भी हमर लैब योजना शुरू नहीं...

जगह चिन्हांकित कर ले आउट बनाने के बाद सीजी एमएससी की ओर से का जवाब नहीं आाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 अप्रैल। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में 4 साल बाद भी हमर लैब योजना शुरू नहीं हो सका। यहां इस योजना ने शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया है।  मालूम हो कि जिला अस्पताल सहित जिले के कुछ चिन्हित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हमर लैब की स्थापना होने वाली थी। लेकन यह योजना केवल राजधानी तक ही सिमट कर रह गई। प्रदेश के कुल 14 जिलों में इस लागू करने की तैयारी की गई थी। महासमुंद के मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में चल रह लैब के ठीक उपर प्रथम तल में हमर लैब के लिए जगह चिन्हांकित कर ले आउट भी तैयार कर लिया गया था। लेकिन बाद सीजी एमएससी में फंड की कमी सहित अनेक अन्य कारणों की वजह से सीजी एमएससी की ओर से किसी भी प्रकार का पत्र व्यवहार या जवाब नहीं आ पाया।

यहां हमर लैब योजना के तहत 114 से 120 प्रकार की जांच नि:शुल्क होने की थी। यदि इस योजना का महासमुंद जिले में क्रियान्वयन होता तो एक बड़े निर्धन वर्ग के लोगों को एक सुविधा मिल सकती थी। इस योजना का दम निकलने की वजह से अब गरीब मरीजों को निजी अस्पतालों में 2 हजार से 5 हजार या इससे अधिक की जांच करानी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2020 में पूर्ववर्ती सरकार ने इस योजना की शुरूआत राजधानी रायपुर तथा बस्तर के कुछ जिलों में की थी। अन्य जिलों में इसकी शुरूआत होनी थी। इसमें महासमुंद भी शामिल था। सरकार बदलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया और इसी दौरान मेडिकल कॉलेज शुरू हो गया। फलस्वरूप यह योजना धरी की धरी रह गई। बहरहाल, जिला अस्पताल में वर्तमान में 72 प्रकार के ही टेस्ट हो रहे हैं। हमर लैब बनने के बाद यहां 114 प्रकार के टेस्ट किए जाते । इस हिसाब से 42 टेस्ट और बढ़ जाते। इसमें ब्लड कल्चर के विभिन्न टेस्ट, हार्मोन संबंधी टेस्ट, माइक्रो बायोलॉजी और स्पेशल साइटोलॉजी टेस्ट को भी शामिल किया गया था। कोविड के उस दौर में हमर लैब की जरूरत इसलिए थी। जिला अस्पताल की ओपीडी रोजाना 250 से 270 की है। गर्भवती महिला हो या फिर सर्दी, खांसी की समस्या हो। सभी को कोविड टेस्ट करवाया जा रहा है। ऐसे में हमर लैब होने से वायरल इंफेक्शन की जांच हो जाती। पर अभी ये मुमकिन नहीं है।

 

बहरहाल, ब्लड कल्चर जांच, कल्चर टेस्ट से बैक्टीरिया, फंगल या फिर वायरस को पहचानने लोग निजी लैब में टेस्ट करवाने जाते हैं। इसके लिए उन्हें 600 से 900 रुपए लगते हैं। इसमें गरीब वर्ग के लोग ज््यादा परेशान होते हैं। माइक्रो बायोलॉजिकल टेस्ट में पस, स्टूल, यूरिन आदि के टेस्ट होते हैं। इस जांच को बाहर से कराने में 400 से 800 रुपए की फीस चुकानी पड़ती है। हार्मोन टेस्ट में एलएच, एफएसएच, फ्लोरेक्टीन, टेस्टोस्टेरॉ,एस्ट्रोजन आदि के लिए निजी लैब में 500 से लेकर 2000 रुपए लगते हैं। स्पेशल साइटोलॉजी टेस्ट के अंतर्गत वायरल इंफेक्शन रूबेला, टारक्सोप्लाजमा, साइटोमेगेलो, हारपीस सिम्पलेक्स, कैंसर आदि की जांच निजी लैब में 1000 रुपए से लेकर 3000 रुपए में होते हैं।


अन्य पोस्ट