महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अप्रैल। जिला शिक्षा विभाग की खबर है कि पदोन्नति पाने के लिए एक शिक्षक ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से वरिष्ठता सूची में अपना नाम दर्ज करा दिया। इसके बाद वह प्रधान पाठक बन गया।
यह मामला जिले के ग्राम खैरखुंटा का है। यहां के स्कूूल में पदस्थ प्रधान पाठक दिनेश प्रधान पूर्व में बसना विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला पितईपाली में शिक्षाकर्मी वर्ग 3 के रूप में पदस्थ रहे। बाद में 31 अगस्त 2010 को जनपद पंचायत बसना के आदेश क्रमांक 1105 के तहत स्वयं के व्यय पर पिथौरा विकासखंड के ग्राम खैरखुटा में स्थानांतरित हुए। वर्ष 2022 में सहायक शिक्षकों की पदोन्नति वि प्रक्रिया शुरू हुई तो दिनेश प्रधान ने अपने स्वयं के व्यय पर हुए स्थानांतरण आदेश में छेड़छाड़ कर उसे प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इसी के आधार पर प्रधान पाठक पद की वरिष्ठता सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया।
विभाग का कहना है कि स्वयं के व्यय पर स्थानांतरण होने पर शिक्षक की वरिष्ठता समाप्त हो जाती है। प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण होने पर वरिष्ठता बनी रहती है। दिनेश प्रधान ने इसी नियम का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया और अवैध रूप से प्रधान पाठक का पद हासिल कर लिया।
इस मामले में डीईओ एमआर सावंत ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। चूंकि कार्रवाई करने का अधिकार संयुक्त संचालक को है। अत: जांच उपरांत दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की अनुशंसा की जाती है।
इस पूरे फर्जीवाड़े की शिकायत एक जागरूक नागरिक द्वारा डीईओ से की गई है। लेकिन जिला शिक्षा विभाग ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस मामले में दिनेश प्रधान से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस पर अपना पक्ष रखने से इंकार कर दिया।