महासमुन्द
361 मीटर चुनरी बनी आस्था का प्रतीक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 5 अप्रैल। नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवसेना द्वारा 12वीं चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शुक्रवार को दुर्गा मंदिर के पास से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई चंडी माता मंदिर पहुंची। इस यात्रा में 361 मीटर लंबी चुनरी माता रानी को चढ़ाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
यात्रा में सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे। जय माता दी के नारों के साथ सभी ने श्रद्धापूर्वक चुनरी उठाई। डीजे पर भक्तिमय गीतों की धुन ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
श्रद्धालु पूरे जोश और भक्ति भाव के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे। इस धार्मिक यात्रा में महिलाएँ, युवा और शिवसेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। नगर के मार्गों को विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे माहौल अत्यंत सुंदर प्रतीत हो रहा था। जैसे ही यात्रा चंडी माता मंदिर पहुँची, वहाँ भक्तों ने श्रद्धापूर्वक माता को चुनरी अर्पित की और आरती कर प्रदेश के लोगों के उज्ज्वल भविष्य तथा सौभाग्य की कामना की। प्रदेश अध्यक्ष धनंजय परिहार ने कहा कि यह चुनरी यात्रा पिछले 12 वर्षों से श्रद्धा और परंपरा के साथ निकाली जा रही है। हर वर्ष इसमें श्रद्धालुओं की भागीदारी और उत्साह बढ़ता जा रहा है।
यह बागबाहरा की आस्था और एकता का प्रतीक बन चुकी है। इस अवसर पर शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता संतोष शुक्ला, जिलाध्यक्ष अजय बंजारे, जिला उपाध्यक्ष सिम्पल दुआ, जिला सचिव एन. कुमार लहरे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सेवकदास, अमित शर्मा, प्रकाश मांझी, ऋषभ ठाकुर, बादल बंजारे, नीरज साहू, अभिषेक शर्मा सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।