महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। जिले की पिथौरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही एक कार एवं एक स्कार्पियो से 28 लाख 80 हजार रुपये के 152 किलो गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
पुलिस सूचना के आधार पर घेराबंदी कर वाहनो की चेकिंग कर रही थी। उसी दरम्यान ओडिशा से एक स्कार्पियो एवं एक स्विफ्ट कार आयी, जिसमें चार लोग सवार थे। पुलिस ने जब दोनों कार की तलाशी ली तो कार के पीछे की सीट व डिग्गी से पांच बोरे प्लास्टिक के बरामद हुए, जिसमें 76 पैकेट गांजा रखा हुआ था और एक पैकेट का वजन 2 किलो ग्राम था। इस प्रकार दोनों वाहनो में 152 किलो गांजा था ।
पुलिस ने कार में सवार गणेश बालु पवार, लक्ष्मण भीमराव चौहान, गणेशराजा राम सालुखे, राहुल रोहिदास सभी निवासी महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर इनके पास से 152 किलो गांजा, 50 हजार नगद, 4 मोबाइल जब्त कर 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।