महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अप्रैल। जिले के बसना नगर पंचायत बसना में चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। अधिकांश चोरी के मामले में आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। वैसे भी शहर में बाहर से पहुंचे लोग बिना आईडी के ही किराए में रह रहे हंंै। जिसकी जांच पुलिस के द्वारा नहीं की जा रही थी। अब इसे लेकर पुलिस ने बसना नगर में किराए के मकानों में रहने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
पुलिस ने यह कदम हाल ही में पकड़े गए एक चोर गिरोह की गिरफ्तारी के बाद उठाया है। लगातार शहर में हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर एसपी ने बीते दिनों थाना प्रभारियों की बैठक ली थी और किराए के मकानों में रह रहे लोगों की जांच करने कहा था। टीम शहर के माता दरबार के पीछे, बिजली ऑफिस के पास, आदर्श नगर समेत बसना नगर पंचायत के 15 वार्डों में सर्वे कर रही है। 1 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान में मकान मालिकों को किरायेदारों की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है। अभी तक केवल 5 घरों में जांच की गई है। यहां 30 लोगों का नाम रजिस्टर में दर्ज किया गया है। यहां पश्चिम बंगाल समेत अन्य शहरों में रहने वाले किराएदार शामिल हंै।