महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अप्रैल। जिला अधिवक्ता संघ महासमुंद ने अनुविभागीय अधिकारी सिविल पीठासीन अधिकारी हरिशंकर पैकरा की शिकायत कलेक्टर से की है।
शिकायत में बताया गया है कि संघ के सदस्य अधिवक्ता मेष कुमार सिन्हा ने अपने पक्षकार अनिल दुबे की ओर से करणीकृपा पावर प्लांट कौंआझर के विरूद्ध कार्रवाई के लिए श्री पैकरा के समक्ष उपस्थित होकर आवेदन देना चाहा था। लेकिन उन्होंने इसे लेने से इंकार कर दिया। साथ में यह भी कहा कि अनिल दुबे से मेरी व्यक्तिगत दुश्मनी है। उसे सामने लेकर आओ। मैं आवेदन नहीं लूंगा।
मालूम हो कि करणीकृपा पावर प्लांट के विरूद्ध आंदोलनरत छग संयुक्त किसान मोर्चा ने कलेक्टर से शिकायत की थी। अनिल दुबे के आवेदन की छायाप्रति पत्रकारों को भी मुहैया कराई गई थी।
अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर से शिकायत में बताया गया है कि 27 मार्च को अधिवक्ता मेष कुमार सिन्हा, श्री पैकरा के समक्ष श्री दुबे का आवेदन लेकर उपस्थित हुए थे। शिकायत में अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर से निवेदन किया कि अधिवक्ता से आवेदन नहीं लेना अवैधानिक तथा न्यायिक प्रक्रिया के प्रतिकूल एवं स्वैच्छाचारिता पूर्ण है। साथ ही संबंधित पक्षकार एवं अधिवक्ताओं के व्यवसायिक हितों के प्रतिकूल है। शिकायत में प्रकरण को गुणदोष के आधार पर सुनवाई में लिए जाने तथा भविष्य में व्यक्तिगत कारणों से प्रकरण में पक्षपातपूर्ण तथा पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर कार्रवाई नहीं करने हेतु उन्हें निर्देशित करने का निवेदन किया गया है।
आवेदन में अमिल दुबे की ओर से कहा गया है कि धारा.152 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत अनिल दुबे हांडीपारा रायपुर ने करणीकृपा पावर प्लांट प्रालि कौंवाझर के विरूद्ध आवेदन अपने अधिवक्ता मेष कुमार सिन्हा के जरिये तैयार कराया था। इसी आवेदन को देने के लिए श्री सिन्हा 27 मार्च 2025 को एसडीएम श्री पैकरा के समक्ष उपस्थित हुए थे।
आवेदन में श्री दुबे ने प्लांट प्रबंधन पर कृषकों और सरकार की जमीनों पर बलपूर्वक कब्जा करने,नियम विरूद्ध डायवर्सन कराने, प्लांट के धुएं और डस्ट काला कचरा से आसपास की जमीन का पीने का पानी, तालाब व कुएं का पानी जहरीला हो गया है। जिससे ग्रामीणों व पशुओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों को लीवर, किडनी, दमा, टीबी जैसी बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो गया है। खेतों की मिट््टी गुणवत्ताहीन व बांझ हो रही है। फसलें काली व विषैली होने लगी है। वृहद मात्रा में पत्थर, कोयला असुरक्षित व खुले में पड़ा होने से कार्बन का चूरा उड़ता है। जिससे आसपास के खेत व जल स्त्रोत प्रदूषित होने लगे हैं। प्लांट का संचालन जारी रखना मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। अत: धारा 152 की शक्तियों का प्रयोग करते हुये प्लांट संचालन प्रतिषिद्ध किया जाना चाहिए।