महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3अप्रैल। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकार ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि दवा के दामों में बढ़ोतरी और शराब के दाम में कटौती करके बीजेपी सरकार सुशासन का नारा दे रही है। ताकि युवा नशे में डूब जाएं और मोदी की गारंटी पर सवाल करना छोड़ दे।
कृष्णा चंद्राकार ने कहा कि शराब दुकानों में बढ़ोतरी कर गांव-गांव शराब का कारोबार बढ़ाने वाली भाजपा सरकार की मंशा को समझने की आवश्यकता है। शराब के दामों में भारी गिरावट करना प्रदेश को नशे की गिरफ्त में डुबाने जैसा निर्णय है। पूर्ण शराबबंदी का दावा करने वाली ये सरकार लगातार गांव-गांव में शराब का करोबार कर रही है। शराब का दाम कम कर आखिर सरकार किसको लाभ दिलाना चाहती है? इस बात को प्रदेश की जनता को समझने की आवश्यकता है।
श्री चंद्राकार ने कहा कि मोदी की गारंटी के दम पर सत्ता प्राप्त करने वाली इस सरकार को सिलेंडर के दामों की कमी, बेरोजगारी की मार झेलने वाले हजारों युवाओं को रोजगार देने, स्कूलों में उपयोग होने वाली स्टेशनरी के दामों में कमी करने की याद नहीं आई। श्री चंद्राकार ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर स्वस्थ और शिक्षा की आवश्यकता है न कि शराब दुकानों की। बेहतर शिक्षा संस्थान की अवश्यता है। शिक्षा को सस्ती करने की दरकार है।