महासमुन्द

पीएचई विभाग का अफसर बन सरपंच से की ठगी
01-Apr-2025 3:20 PM
पीएचई विभाग का अफसर बन सरपंच से की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1अप्रैल।
हैलो सरपंच जी.. मैं पीएचई विभाग का अधिकारी बोल रहा हूं.. पीएम नल जल में काम के लिए लेबर लोग जा रहे हैं.. उनके राशन के लिए 20 हजार रुपए लगेगा.. भिजवा दो। फोन पर ऐसा कहकर किसी ने एक सरपंच से 25 हजार की ठगी कर ली। पूरा मामला यह है कि कल सोमवार को यह काल जिले के दुधीपाली सरपंच अरुज बेहरा के फोन पर आया। एक ठग ने पीएचई विभाग का अधिकारी बताकर उनसे 25 हजार की ठगी कर ली। मामले में सरपंच अरुज बेहरा ने बसना थाना में शिकायत दर्ज कराया है। 

पुलिस के अनुसार घटना बीते 27 मार्च की शाम 5 बजे की है। दुधीपाली सरपंच अरूज बेहरा के मो.नंबर पर रमेश गुप्ता नाम के किसी व्यक्ति का फोन आया। ठग ने खुद को पीएचई विभाग महासमुंद का अधिकारी बताया। कहा कि पंचायत में प्रधानमंत्री नल जल में काम करने के लिए लेबर लोग जा रहे हैं। उनके राशन के लिए पैसा भेजिए। सरपंच को लगा कि गांव में लोगों के घरों तक नल लगवाने का काम बाकी है इसलिए मजदूरों को भेजा रहा होगा। इसके बाद ठग ने सरपंच से फ ोन पे नम्बर मांगा। सरपंच का फ ोन पर नंबर नहीं होने पर उसने पंच जितेन्द्र बांक का फ ोन पे नम्बर दे दिया। 

इसी तारीख की रात 8 बजे जितेन्द्र बांक के फ ोन में फोन आया और कहा कि देखो आपके मो.पर 60 हजार का मैसेज आ गया होगा। उसने गाड़ी और रास्ते का अन्य खर्च के नाम से 20 हजार रुपए भेजने को कहा। योगेश ने फ ोन पे पर 20 हजार भेज दिया। थोड़ी देर बाद फिर 5 हजार भेजा। इस तरह कुल 25 हजार भेज दिया। इसके बाद अपने खाते में चेक किया तो 60 हजार आया ही नहीं था। तब पंच को ठगी की आशंका हुई। उसके बाद जितेन्द्र बांक ने तीन नबरों पर फ ोन किया। फोन की घंटी बजती रही। लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। 
इसके बाद सरपंच और पंच को ठगी होने की आशंका हुई तो दोनों ने बसना थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करा ठगी की रकम दिलवाने की मांग की है। पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता देव प्रकाश वर्मा ने कहा है विभाग में रमेश गुप्ता नाम का कोई भी व्यक्ति हमारे विभाग में पदस्थ नहीं है। इस ठगी को लेकर कार्यपालन अभियंता ने विज्ञप्ति जारी कर प्रतिनिधियों को सचेत रहने कहा है। 
 


अन्य पोस्ट