महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 मार्च। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ.विमल चोपड़ा ने कहा है कि बुधवार को लगने वाले जन समस्या सुनवाई में आए प्रकरणों का कलेक्टर से अनुरोध एवं उनके आश्वासन के बाद भी आज तक हल न निकलना घोर उपेक्षात्मक रवैया है। वहीं कलेक्टर का हर बैठक में राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिखावा मात्र लगता है और गरीब, किसान, मजदूर परेशान हंै। राजस्व सचिव को ज्ञापन के पश्चात भी यदि एक माह के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो पीडि़त आवेदकों को लेकर महासमुंद से रायपुर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल निवास तक पदयात्रा कर अधिकारियों के विरोध में कार्रवाई को लेकर मांग पत्र सौंपा जाएगा। और यदि पिछले बार पीडि़तों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निवास जाने से रोका जाता है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
डॉ. चोपड़ा ने राजस्व सचिव से मांग की है कि महासमुंद के राजस्व प्रकरणों को लेकर मंत्रालय स्तर के अधिकारियों का कैंप लगाया जाए एवं प्रत्येक प्रकरण की सूक्ष्म जांच कर पीडि़त को न्याय दिलाएं एवं दोषी को कठोर दंड दें।प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध हो रही ताबड़तोड़ कार्यवाही के लिए सरकार की प्रशंसा करते हुए इसको और ज्यादा विस्तारित करने की मांग की है। कहा है कि राजस्व विभाग में करोड़ों और अरबों के हुए जमीन घोटाले में राजस्व विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत का उजागर होना मात्र कुछ प्रकरणों का सामने आना है।
महासमुंद जिले के अनेक स्थानों के साथ-साथ पिथौरा, सरायपाली एवं महासमुंद अनुविभाग के अनेक स्थानों पर करोड़ों की जमीन के घपले के साथ.साथ आम लोगों को परेशान कर वसूली की अनेक शिकायतें पहले भी आती रही है। अभी भी आ रही है। जिन अधिकारियों के यहां महादेव सट्टा ऐप को लेकर छापे पड़े हैं उनमें से कई महासमुंद में पदस्थ रहे हैं जिनकी तत्कालीन समय की संदिग्ध गतिविधियों एवं शराब माफियाओं से मिलीभगत जगजाहिर थी। जिसका परिणाम अब उन्हें भोगना पड़ रहा है। डॉ.चोपड़ा ने महासमुंद राजस्व अनुविभाग के कार्यालय में हो रहे भ्रष्टाचार एवं मनमानी की प्रकरण, लिखित शिकायत मंत्रालय में राजस्व सचिव अविनाश चंपावत से भेंट कर सौंपी एवं बताया कि किस प्रकार छोटे-मोटे प्रकरणों को भी जानबूझकर न्यायालयीन प्रकरण बना लिया जाता है।
जबकि यह सिटीजन चार्टर के प्रकरण होते हैं और वसूली अभियान प्रारंभ हो जाता है। अधिकारियों द्वारा भाजपा के नेताओं को भी कहा जाता है कि मेरा जो करना है करो मेरे घर में बड़े-बड़े अधिकारी हैं। डा. चोपड़ा ने राजस्व सचिव से सारे प्रकरणों के जांच की मांग की है। साथ ही ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री एवं राज्यपाल कार्यालय को उचित कार्रवाई हेतु भेजी है।