महासमुन्द

सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश से नर्रा में तनाव, पुलिस दखल के बाद हालात काबू में
30-Mar-2025 3:18 PM
सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश से नर्रा में तनाव, पुलिस दखल के बाद हालात काबू में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 मार्च।
बागबाहरा-ओडिशा सीमा से लगे ग्राम नर्रा में कल दोपहर कब्रिस्तान से लगी शासकीय भूमि पर कब्जे की कोशिश के चलते दो समुदायों के बीच उत्पन्न विवाद ने बढ़ते-बढ़ते हल्के तनाव का रूप ले लिया। तत्काल पुलिस लाइन और आसपास के थानों से बल मौके पर भेजा गया। पुलिस अफसरों की समझाइश के बाद विवाद शांत हुआ। स्थिति नियंत्रण में है। ऐहतियात के तौर पर रात भर वहां पुलिस का पहरा रहा। 

मामला यह है कि नर्रा चौराहे से रावण भांठा जाने वाले मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के समीप स्थित करीब आधा एकड़ शासकीय जमीन पर कुछ दिन पूर्व एक समुदाय ने सफाई कर प्रार्थना स्थल का निर्माण किया था। प्रार्थना के लिए शनिवार को वहां साफ -सफाई की जा रही थी। यह देखकर पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के नेता और ग्रामीण वहां जा पहुंचे। उन्होंने काम रुकवा दी। दोनों पक्षों के आमने-सामने आ जाने से विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि बस्ती में तनाव शुरू हो गया। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहले पुलिस सहायता केंद्र नर्रा का बल पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समीपस्थ थाने कोमाखान, बागबाहरा, तेंदुकोना, बुंदेली के अलावा पुलिस लाइन महासमुंद से भी पुलिस बल रवाना किया गया।

एसडीओपी बागबाहरा मिलिंद पांडे, टीआई खल्लारी शैलेंद्र नाग, टीआई बागबाहरा अजय सिन्हा, थाना प्रभारी तेंदुकोना सिद्धार्थ मिश्रा, नर्रा सहायता केंद्र प्रभारी श्यामाचरण ध्रुव बल के साथ मौके पर पहुंचे। श्री पांडे दोनों पक्षों के प्रमुखों को समझाइश देते रहे। इस बीच एक पक्ष ने उक्त जमीन के दस्तावेज लाकर दिखाए। जिनमें उक्त जमीन को शासकीय होना पाया गया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। ऐहतियात के तौर पर नर्रा में रात भर के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। 

इस संबंध में एएसपी महासमुंद प्रतिभा पांडेय  का कहना है कि उक्त जमीन पर कब्जे के प्रयासों को विफल करने के लिए पुलिस बल नर्रा भेजा गया। गांव की स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। समझाइश के बाद मामला शांत हो गया है। गांव वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रात में भी वहां बल तैनात था।
 


अन्य पोस्ट