महासमुन्द
वक्फ बोर्ड में सनातनी की सदस्यता एवं महिला की सहभागिता की बात पर पर सलीम राज ने कहा-ये संशोधन नितांत आवश्यक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मार्च। महासमुंद स्थित स्वाध्याय भवन में वक्फ संशोधन विधेयक 2024 विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ.सलीम राज मुख्य वक्ता थे। मंच पर डॉ. सलीम राज के साथ समिति के पदाधिकारी,अधिवक्ता भूपेंद्र राठौड़, महेश चंद्राकर, लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, चंद्रशेखर साहू एवं सीए रितेश गोलछा बैठे थे। डा. राज ने वक्फ अधिनियम के दुष्प्रभाव को बताते हुए इसमें प्रस्तावित संशोधन के महत्व और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने वक्फ का अर्थ बताते हुए कहा कि वक्फ का अर्थ होता है दान,न कि किसी की संपत्ति को जबरदस्ती अपनी संपत्ति घोषित कर देना।
वक्फ अधिनियम का अनैतिक फायदा उठाते हुए किसी भी संपत्ति को वक्फ की संपत्ति घोषित कर देने की वर्तमान प्रणाली को गलत ठहराते हुए उन्होंने इसमें संशोधन को कानून सम्मत बताया। वक्फ अधिनियम में संशोधन से पारदर्शिता बढऩे की बात उन्होंने कही। वक्फ बोर्ड में सनातनी की सदस्यता एवं महिला की सहभागिता की बात पर उन्होंने कहा कि ये संशोधन नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान की प्रधानमंत्री महिला हो सकती है तो बोर्ड में महिला क्यों नहीं हो सकती। बोर्ड में यदि सनातनी सदस्य होंगे तो किसी सनातनी एवं मुसलमान की संपत्ति जिसमें वो चार पीढ़ी से रह रहा है, उसे गलत तरीके से वक्फ संपत्ति घोषित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वक्फ काउंसिल के आदेश के विरूद्ध न्यायालय में अपील करने का अधिकार आम आदमी को इस संशोधन में प्रस्तावित है। जो कि न्याय संगत है। उन्होंने मुसलमानों को याद दिलाया कि उनके पूर्वज भी मूर्ति पूजक ही थे। उन्होंने कहा कि औरंगजेब अत्याचारी था। वह मुसलमानों का आदर्श नहीं हो सकता। मुसलमानों का आदर्श यदि कोई है तो वो डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम साहब हैं।
समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र राठौड़ एवं उपाध्यक्ष महेश चंद्राकर ने कहा कि प्रत्येक माह इस प्रकार की गोष्ठी आयोजित की जाएगी। संचालन लक्ष्मीकांत तिवारी ने किया। प्रस्तावना में सुमित ढिल्लो ने बताया कि क्यों वक्फ संशोधन विधेयक की आवश्यकता हुई व पूर्व में कब-कब इसमें संशोधन हुआ। आभार प्रदर्शन रितेश गोलछा ने किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से डा. विमल चोपड़ा, देवीचंद राठी, चंद्रबदन मिश्रा, गोवर्धन प्रधान, राजेश डडसेना, तिलक साव, एमआर विश्वनाथन, अशोक गिरी गोस्वामी, नरेश मोरयानी, राजेश्वर खरे, सुजाता विश्वनाथन, उत्तरा प्रहरे, प्रमोद चंद्राकर, टेकराम सेन, कन्हैया लाल सोनी, सुशील शर्मा, रिखीराम साहू, शशांक तिवारी, नारायण सिंह ठाकुर, नूतन कुमार साहू, प्रशांत श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।