महासमुन्द

सभी को साथ लेकर शहर विकास का संकल्प
29-Mar-2025 3:51 PM
सभी को साथ लेकर शहर विकास का संकल्प

निखिलकांत ने दिव्यांग पार्षद को किया पीआईसी में शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 29 मार्च।
नगर पालिका परिषद महासमुंद की नई पीआईसी का गठन नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने गुरूवार को किया। जिसमें 4 कांग्रेस सहित 2 निर्दलियों को भी शामिल किया गया है। एक सदस्य नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी भाजपा के हैं। पीआईसी गठन पश्चात नपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के पार्षदों सहित निर्दलियों को शामिल कर हमने सभी को साथ लेकर शहर विकास का संकल्प लिया है।

इस पीआईसी गठन में प्रमुख बात यह रही कि नपाध्यक्ष श्री साहू ने प्रथम बार के निर्वाचित वार्ड 15 के दिव्यांग पार्षद ईश्वरी संजय भोई को खाद्य नागरिक आपूर्ति, पुनर्वास तथा नियोजन विभाग का सभापति बनाया है। इस पर नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि उन्होंने दिव्यांग पार्षद ईश्वरी भोई के संघर्ष व जनसेवा को ध्यान में रखकर पीआईसी मेंबर बनाया है। इससे जनसेवा के प्रति ईश्वरी भोई का मनोबल बढ़ेगा। साथ ही पीआईसी की बैठक में मजबूती से जनहित के मुद्दे पर आवाज बुलंद करेगी। 

उन्होंने कहा कि इससे पूर्व पालिका पीआईसी में दिव्यांग को शामिल नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी को समान अवसर मिले यही उनकी सोच हैं। यदि अवसर मिले तो ईश्वरी भोई जैसी महिला नगर विकास में अपनी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित कर सकती हैं।


 

उल्लेखनीय है नपाध्यक्ष श्री साहू ने पीआईसी मेंबर में देवीचंद राठी उपाध्यक्ष को विधि तथा सामान्य प्रशासन विभाग सभापति, जयकुमार देवांगन पार्षद वार्ड -02 को आवास पर्यावरण एवं लोक निर्माण विभाग, गुलशन कुमार साहू पार्षद वार्ड.27 को जलकार्य विभाग, बबलू सूरज नायक पार्षद वार्ड - 09 को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, जितेंद्र देवनारायण ध्रुव पार्षद वार्ड क्र. 05 को राजस्व तथा बाजार विभाग, ईश्वरी भोई पार्षद वार्ड क्र. 15 को खाद्य नागरिक आपूर्ति, पुनर्वास तथा नियोजन विभाग, ज्योति रिन्कू चंद्राकर पार्षद वार्ड क्र. 1 को शिक्षा, महिला तथा बाल कल्याण विभाग सभापति की जिम्मेदारी प्रदान की है।


अन्य पोस्ट