महासमुन्द
पंचायतों में काम ठप, जहां सरपंचों ने प्रभार
नहीं ली, वहां स्थिति और भी खराब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,29 मार्च। शासकीयकरण की मांग को लेकर जिलेभर की 551 ग्राम पंचायतों में चल रही पंचायत सचिव की हड़ताल की वजह से अब ग्राम पंचायतों की मूलभूत सुविधाएं तथा अनेक आवश्यक कार्य बूरी तरह प्रभावित है। खास तौर पर जिन ग्राम पंचायतों में नए सरपंचों ने प्रभार नहीं लिया है तथा जो पहली बार चुनाव लडक़र जीत कर सरपंच बने हैं। उन ग्रामों में स्थिति और भी बदहाल हो गई है। पिछले 12 दिनों से चल रही सचिवों की हड़ताल ने ग्राम पंचायतों का 12 हाल कर दिया है।
जिले के गोपालपुर,बोरियाझर तथा धनुसली सहित दर्जन भर से अधिक ऐसे गांव हैं जहां सरपंचों ने आज की तारीख तक प्रभार नहीं लिया है। ऐसे में पेयजल सुचारू रूप से चलाने के लिए पानी टंकी निर्माण, मोटर पंप खरीदी, राशन कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सर्वे कार्य, बैंकिंग कार्य सहित अनेक काम प्रभावित हैं। पंचायत सचिव अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। वहीं प्रशासन की ओर से उन्हें नोटिस भेजा गया है कि 24 घंटे की नोटिस को 96 घंटे से अधिक हो चुके हैं। लेकन अब तक कोई भी पंचायत सचिव काम पर नहीं लौटा है। ऐसे में आगे भी हड़ताल जारी रहने की संभावना बनी हुई है। फिलहाल पंचायतों में अनेक योजनाओं की प्रगति थम गई है।