महासमुन्द

हिन्दू नववर्ष पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, त्रिशूल-डमरू-ओम-स्वास्तिक,धनुष डिजाइन पर लाइटिंग से सजेगा मार्ग
29-Mar-2025 3:29 PM
हिन्दू नववर्ष पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा,  त्रिशूल-डमरू-ओम-स्वास्तिक,धनुष डिजाइन पर लाइटिंग से सजेगा मार्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 मार्च। महासमुंद में इस साल भी हिन्दू नववर्ष भव्य शोभा यात्रा के साथ भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। यह शोभा यात्रा  30 मार्च चैत्र शुक्ल पक्ष विक्रम संवत 2082 दिन रविवार को मां शारदा मंदिर वार्ड नं.4 तुमगांव रोड से संध्या 4 बजे से आरंभ होगी। दुर्गा मंदिर बरोंडा चौक में इसका समापन होगा।

कल एक पत्रकार वार्ता में संगठन के लोगों ने कहा कि यह कार्यक्रम दलगत राजनीति से हटकर धार्मिक सामाजिक कार्यक्रम है। जिसमें महासमुंद के समस्त नागरिक सम्मिलित होंगे और भक्तिमय वातावरण में कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रेस वार्ता में हिंदू नव वर्ष समिति के पदाधिकारी विक्रम ठाकुर, खिलावन बघेल, जितेन्द्र साहू, रितेश गोलछा,अग्रेश शर्मा, आलोक दुबे, अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि यह नगर का एकमात्र कार्यक्रम है। हिन्दु नव वर्ष उत्सव में किसी पार्टी विशेष का प्रतिनिधित्व ना करके हिन्दू धर्म के प्रति आस्था रखते हुए राजनैतिक अनेकता के बीच एकता का प्रदर्शन करते हंै। सभी सनातन धर्म के उपासक आपसी भाईचारे से गले मिलते हुए इस शोभायात्रा में शामिल होते है।

बताया कि यह भव्य शोभायात्रा छत्तीसगढ़ राज्य में एक मिसाल पेश करता है। जिसमें सभी आम नागरिक सिर्फ  और सिर्फ  हिन्दू के रूप में सम्मिलित होते है। नगरवासियों के सहयोग, तन.मन.धन से यह कार्यक्रम एक अनोखा छाप छोड़ती है। हर वर्ष कुछ नया करने की सोच के कारण ही नागरिकों के मन में उत्साह रहता है कि इस वर्ष हिन्दु नव वर्ष उत्सव में कुछ अलग तरह से सजाया जा रहा है।

 

इस साल ओवर ब्रिज से लेकर बरोंडा चौक तक डिवाइडर में त्रिशूल, डमरू, ओम, स्वास्तिक, धनुष डिजाइन पर लाइटिंग से सजावट आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही शिव शंकर, महाराज शिवाजी, रानी लक्ष्मीबाई वेशभूषा में शिव सम्राट ढोल पार्टी नागपुर के ढोल ताशा, बंगाली समाज घुनुची, रामजी की झांकी, महाकाल डमरू झांझ, राऊत नाचा, सुवा नृत्य, लाईव भजन एवं युवाओं के लिए डीजे की झांकी की व्यवस्था की गई है। झलप के रंगोली आर्टिस्ट कुलेश्वर साहू द्वारा शोभा यात्रा के दौरान रंगोली का प्रदर्शन किया जाएगा। हिंदू नव वर्ष समिति ने नागरिकों से अपील की है कि अपने-अपने घर में रंगोली,दीया जलाकर पूजा करके दीपावली का माहौल बनाएं। निवेदन किया गया है कि शोभायात्रा में सभी भारतीय परिधान सफेद या पीला कुर्ता एवं साड़ी में सम्मिलित होकर एकरूपता का परिचय देवें।


अन्य पोस्ट