महासमुन्द
महिलाएं 3 घंटे थाने के अंदर बैठी रही, प्रदर्शन के बाद मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मार्च। महासमुंद जिले में बेलटूकरी गांव में भैंस चोरी की शिकायत दर्ज नहीं करने से यादव समाज नाराज हो गया। यादव ठेठवार समाज के लोगों ने तुमगांव थाने का घेराव कर दिया।
घटना 14 मार्च की है। जानकारी मिली है कि बेलटूकरी निवासी दिनेश यादव की 4 भैंसें चरने गई थीं। रात 9 बजे तक भैंसें नहीं लौटीं। खोजबीन के बाद दिनेश ने तमगांव थाने में लिखित शिकायत की।
पुलिस ने अब तक न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही इस मामले मेें किसी तरह की कोई जांच ही की। जिसके बाद समाज के लोग थाने पहुंच गए। पूरे 14 दिन तक कार्रवाई न होने से नाराज होकर खैरझिटी, तुमगांव, बिरबिरा, परसाडीह, कुकराडीह, खट्टीडीह, अमावस और आरंग के यादव ठेठवार समाज ने गुरुवार को तुमगांव थाने का घेराव कर दिया। समाज की महिलाएं थाने के अंदर धरने पर बैठ गईं।
करीब 3 घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज की। यादव समाज के नगर अध्यक्ष प्रकाश यादव ने कहा कि पुलिस भैंस चोरों को बचा रही है। वहीं एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि प्रार्थी के आवेदन पर मामला दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं। जिनकी तलाश गांव वालों की मदद से की जा रही है।