महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च। महासमुंद रेंजर सियाराम कर्माकर ने बताया कि हाथियों का दल वनपरिक्षेत्र के जंगल में तीन दिनों से घूम रहा है। ग्रामीण इलाके होने के कारण खतरे को देखते हुए आसपास के गांव में मुनादी का दी गई है। लोगों को सचेत रहने कहा गया है। हाथियों का यह दल आज बारनवापारा के जंगल में प्रवेश कर लिया है। टीम के द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
रेंजर कर्माकर ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी है और बताया है कि हाथियों के दल के गांवों के पास जंगल में आने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद् मौके पर टीम को रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि जंगल के रास्ते दूसरे गांव जाने वाले मार्ग पर आवागमन बंद करा दिया गया है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल के रास्ते नहीं जाने कहा गया है। ग्राम नांदबारूद, सुकुलबाय, केशलडीह, खिरशाली, बंदोरा, तालझर समेत आसपास गांवों में मुनादी करा दी गई है। बीट गार्ड व हाथी मित्र इलाके में निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सिरपुर वनपरिक्षेत्र अत्यंत घना जंगल क्षेत्र में आता है। यह हाथियों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। हाथियों का सबसे सुरक्षित जंगल माना जाता है। बारनवापारा वनपरिक्षेत्र से हाथियों का दल महासमुंद जिले में सिरपुर क्षेत्र से पहुंचता है। इसको देखते हुए वनपरिक्षेत्र में विभाग के द्वारा कड़ी निगरानी रखी जाती है। लगातार तीन दिनों से हाथियों का दल ग्रामीण इलाके के जंगल में विचरण कर रहा है। इस देखते हुए विभाग के द्वारा बीट गार्ड और हाथी मित्र की ड्यूटी लग गई है। जिसके द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
इस बार हालांकि अभी तक हाथियों ने नुकसान नहीं पहुंचाया है। महासमुंद रेंजर सियाराम कर्माकर ने बताया कि मंगलवार बुधवार दरमियानी रात में 2 हाथी सिरपुर रोड को पार कर वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 54 वन विकास निगम के जंगल में प्रवेश किया। जो बुधवार को आसपास के गांवों में अंदरुनी इलाके से होकर कक्ष क्रमांक 54, 131, 132, 126, 127 में दिनभर घूम रहा था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जंगल में महुआ के पेड़ में फूल लगा हुआ है। महुआ की गंध पाकर हाथियों का दल ग्रामीण इलाके के जंगल में पहुंच रहा है। सोमवार को भी एक हाथी जंगल में पहुंचा था। इसके बाद कल सुबह दो हाथी और पहुंच गया। तीनों हाथी बारनवापारा से पहुंचा था। उन्होंने बताया कि जंगल के सभी रास्ते में बीटगार्ड की टीम को तैनात किया गया है। जो हाथी के आने जाने वाले लोकेशन का निरंतर जानकारी ले रहे है। टीम के द्वारा भी लोकेशन और पदचिन्हों के आधार पर ग्रामीणों को सचेत कर रहे हैं।