महासमुन्द

गोदाम से कोढ़ा लोड कर रायपुर जाने निकला ट्रक रास्ते से गायब
27-Mar-2025 3:26 PM
 गोदाम से कोढ़ा लोड कर रायपुर जाने निकला ट्रक रास्ते से गायब

महासमुंद, 27 मार्च। सरायपाली के एक गोदाम से कोढ़ा लोड कर रायपुर जाने के लिए निकला ट्रक रास्ते से गायब हो गया है। प्रार्थी कारोबारी के रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा वाहन चालक और जिसके द्वारा मोबाइल से कोढ़ा लोड करने के कहा गया था, उस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ  पुलिस ने अपराध कायम किया है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पिचोपिया एण्ड संस सरायपाली के प्रोपराईटर पवन कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उनके पास रायपुर के भारद्वाज ट्रांसपोर्ट की ओर से फोन आया था कि आपके पास जो कोढ़ा है, उसे भेजे गए ट्रक क्रमांक सीजी 11 बीपी 8490 में लोड करा देंगे। इसके बाद विगत 4 मार्च को उक्त ट्रक बलोदिया राईस मिल के गोदाम में आयाए जिसमें 5 मार्च को पालिस कोढ़ा 19 टन 270 वजन कीमत 5 लाख, 54 हजार रुपए को लोड कराया गया।

 इस दौरान प्रार्थी की चालक से 4 मार्च से 6 मार्च दोपहर 1.30 बजे तक बात हुई,  इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया एवं उससे कोई सम्पर्क नहीं हो पाया। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि अब तक न तो उस वाहन का पता है और न ही वाहन ले जाने वाले व्यक्ति की जानकारी मिल पा रही है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक और मोबाइल धारक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 316-3 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट