महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ वन विकास निगम बारनवापारा परियोजना मंडल के परियोजना परिक्षेत्र रवान रेंज के मोहदा बीट में मोहदा से सैहाभाठा मार्ग एवं बल्दाकछार मार्ग के जंगल में होली के 8 दिन पहले एवं होली के बाद तक लगी आग में वन विकास निगम के सैकड़ों पेड़ जलकर राख हो गए है। सूखी लकड़ी के साथ छोटे मोटे पेड़ पौधे भी जल गए है।
हाथी विचरण क्षेत्र होने के वजह से ‘छत्तीसगढ़’ जंगल अंदर तक नहीं जा पाया। परन्तु संभावना है कि विभाग द्वारा कटिंग कराए गए बल्ली, चट्टा , गोला, लढ्ढा भी अग्नि की भेंट चढ़ चुका है।
ज्ञात हो कि वन विकास निगम मुख्यत: वृक्षारोपण एवं तैयार पौधों को काट कर काष्ठागार तक पहुंचने का कार्य करता है परन्तु इस बेशकीमती पेड़ों से भरे जंगल में प्रतिवर्ष आग का तांडव देखने मिलता रहता है।
आग पता लगते ही बुझा दी गई-डीएम
दूसरी ओर वन विकास निगम के डीएम डॉ. आनन्द कुंदरिया ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि सेटेलाइट के माध्यम से उन्हें आग का पता चला, इसके बाद तत्काल पूरे वन अमले ने जुटकर आग को नियंत्रण कर बुझाया गया।
बहरहाल, क्षेत्र में आग लगने वाले की तलाश में वन विभाग जुटा है।