महासमुन्द

अब घुंचापाली चंडी मंदिर से लाइव दर्शन आरती में ऑनलाइन शामिल हो सकेंगे श्रद्धालु
22-Mar-2025 3:07 PM
अब घुंचापाली चंडी मंदिर से लाइव दर्शन आरती में ऑनलाइन शामिल हो सकेंगे श्रद्धालु

श्री चंडी माता मंदिर ट्रस्ट घुंचापाली बागबाहरा मंदिर में ज्योति प्रज्ज्वलन बुकिंग समेत डिजिटल सुविधाएं शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मार्च।
अब श्रद्धालु घर बैठे घुंचापाली वाली श्री चंडी माता के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट डब्लूडब्लूृडब्लूडाटचंडीमाताडाटइन का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। वेबसाइट के माध्यम से भक्त माता के दर्शन के साथ प्रात: एवं संध्या आरती में भी ऑनलाइन सम्मिलित हो सकते हैं। इसके अलावा नवरात्र और विशेष अवसरों पर अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन की बुकिंग भी ऑनलाइन की जा सकेगी।

इस वेबसाइट पर मंदिर और माता चंडी से जुड़ी सभी पौराणिक, ऐतिहासिक और आधुनिक जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। यह श्रद्धालुओं के लिए एक सुविधाजनक डिजिटल प्लेटफार्म होगा। जहां वे मंदिर में होने वाले सालभर के कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। श्री चंडी माता मंदिर की प्रसिद्धि अब वैश्विक स्तर पर बढ़ रही है। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए माता की महिमा श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जा रही है। इस पहल में महासमुंद के सॉफ्टवेयर इंजीनियर सब्यसाची पाणिग्रही का विशेष योगदान रहा। जिन्होंने इस वेबसाइट को तैयार कर मंदिर को दान किया है। 

मीडिया और संचार के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार डॉ. नीरज गजेंद्र वेबसाइट का कंटेंट एडवाइजर और वेब एडिटर की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया और संचार संसाधनों के विस्तार से धार्मिक स्थलों के प्रचार-प्रसार की नई संभावनाएं खुली हैं। यह वेबसाइट माता चंडी के प्रति आस्था रखने वाले हर श्रद्धालु के लिए सुविधा का एक नया माध्यम बनेगी। वेबसाइट लॉचिंग समारोह के मुख्य अतिथि खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने शुभकामनाएं देते हुए इसे आध्यात्मिक और तकनीकी प्रगति का अद्भुत संगम बताया।  उन्होंने कहा कि मां चंडी की महिमा अपरंपार है और यह वेबसाइट दुनिया भर में फैले श्रद्धालुओं को मां के सान्निध्य का अनुभव कराएगी। उन्होंने इस पहल के लिए मंदिर समिति और तकनीकी टीम को बधाई दी और विश्वास जताया कि यह वेबसाइट भक्तों और मां चंडी के बीच सेतु का कार्य करेगी। 

समारोह की अध्यक्षता कर रहे तहसीलदार जुगलकिशोर पटेल ने कहा कि यह केवल एक डिजिटल मंच नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक परंपराओं को आधुनिक युग से जोडऩे का माध्यम है। ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष नीलकंठ चंद्राकर ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि श्रद्धालु अब कहीं से भी मां के दर्शन कर सकेंगे। 

संचालन दानवीर शर्मा और आभार ट्रस्ट अध्यक्ष लालचंद जैन ने किया। मौके पर मंदिर ट्रस्ट के सचिव पोखराज साहू, संस्थापक ट्रस्टी नंदकुमार चंद्राकर, रामजी तिवारी, सदस्य गणेश चंद्राकर, महावीर जैन, रमेश चंद्राकर, गणेश शर्मा, सार्थक शुक्ला, पूनम ओझा, बिसाहु विश्वकर्मा, कांतु चंद्राकर, नितिन परमार, पुरुषोत्तम ओझा, नवनीत देवांगन, मन्नू चंद्राकर, राजनारायण शुक्ला, हेमंत तिवारी, सुरेंद्रकुमार गोयल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
 


अन्य पोस्ट