महासमुन्द

अविश्वास प्रस्ताव के जरिये नपाध्यक्ष को हटाना याद था, पार्षदों को एकजुट रखना बड़ी जिम्मेदारी थी, राठी मजबूत दावेदार थे
21-Mar-2025 2:37 PM
अविश्वास प्रस्ताव के जरिये नपाध्यक्ष को हटाना याद था, पार्षदों को एकजुट रखना बड़ी जिम्मेदारी थी, राठी मजबूत दावेदार थे

भाजपाई 17 पार्षदों के बहुमत से जीतने के लिए आश्वस्त थे, 24 वोट मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 मार्च। गुरुवार को नपा उपाध्यक्ष चुुनाव में देवीचंद राठी ने कांग्रेस प्रत्याशी जयकुमार देवांगन को एकतरफा मुकाबले में 18 मतों से हराकर उपाध्यक्ष का चुनाव जीत लिया।

श्री राठी को 24 व श्री देवांगन को 6 मत मिले। जबकि 1 मत रिजेक्ट हो गया। खास बात यह रही कि सभी 6 निर्दलियों ने श्री राठी के पक्ष में मतदान किया और कांग्रेस का एक वोट भी भाजपा को गया। इस चुनाव में नपाध्यक्ष का एक तथा पार्षदों के 30 मिलाकर कुल 31 मतदाता थे।

जिले के अधिकांश नगरीय निकाय, जनपदों और जिला पंचायत में परचम लहराने के बाद भाजपा पार्षद और संगठन पहले से उत्साहित थे। महासमुंद में भी 17 पार्षदों का बहुमत होने के कारण उपाध्यक्ष का चुनाव जीतने के प्रति निश्चिंत थे। बावजूद इसके मंगलवार की शाम को भाजपा संगठन ने सभी पार्षदों को गुप्त प्रवास पर पिकनिक के लिए गंगरेल बांध भेज दिया था।

कल सुबह चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के पहले सभी पार्षद कनेकेरा में दर्शन पश्चात सीधे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के कार्यालय पहुंचे। तब तक भाजपा का प्रत्याशी चयन नहीं हुआ था। जबकि वरिष्ठ पार्षद देवीचंद राठी, प्रीति बादल मक्कड़, हरबंश सिंह ढिल्लो नानू उर्फ नानू भाई, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर के पुत्र निश्चय चंद्राकर ने जोर लगा रखा था। सभी को संभागीय कमेटी रायपुर से फ ोन का इंतजार था।

इन तैयारियों के बीच में सुबह साढ़े 10 बजे फ ोन पर रायपुर से महासमुंद चुनाव प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा को प्रत्याशी के रूप में वरिष्ठ पार्षद देवीचंद राठी का नाम बताया गया। श्री विश्वकर्मा ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू को इसकी जानकारी दी। बाद में उन्होंने श्री राठी को प्रत्याशी बनाने की जानकारी देकर सबसे पहले प्रस्तावक व समर्थक के साथ नगर पालिका रवाना किया।

बाद में प्रीति बादल मक्कड़ और निश्चय चंद्राकर आदि को रवाना किया गया। इसी तरह 3-4 के समूह में बारी-बारी से सभी भाजपा पार्षदों को पालिका भेजा गया। इसके बाद श्री राठी और कांग्रेस से जयकुमार देवांगन ने नामांकन दाखिल किया। उसके बाद मतदान के लिए काफी समय था। लिहाजा बतौर सावधानी संगठन ने प्रत्याशी श्री राठी को छोडक़र सभी पार्षदों को फि र से वापस बुला लिया और बाद में मतदान शुरू होने के बाद ऐन वक्त पर मतदान के लिए पालिका भेजा। विधायक कार्यालय से एक वाहन में भाजपा पार्षदों के साथ सभी 6 निर्दलीय भी पहुंचे। जिन्हें रिसीव करने श्री राठी खुद पहुंचे और सभी को अपने साथ मतदान कक्ष में लेकर गए।

मतदान के बाद पीठासीन अधिकारी अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू तथा सहायक रविराज ठाकुर ने मतगणना कर नतीजे की घोषणा की। तद्नुसार श्री राठी को 24 तथा श्री देवांगन को 6 मत मिले। जबकि 1 मत रिजेक्ट हुआ। इसके साथ ही पालिका के बाहर पटाखे चलने लगे। बाहर आने पर श्री राठी तथा अपील समिति में निर्विरोध चुने गए प्रीति बादल मक्कड़ और निश्चय चंद्राकर का भाजपाजनों ने जमकर स्वागत कर मिष्ठान वितरण किया। भाजपा कार्यालय के सामने भी आतिशबाजी की गई।

गौरतलब है कि जिले के पांच नगर निकायों में से दो में कांग्रेस, दो में भाजपा और एक में निर्दलीय अध्यक्ष बना है। लेकिन सभी पांचों निकायों में एक में कांग्रेस तथा बाकी के 4 निकायों में उपाध्यक्ष भाजपा का ही बना है। इस तरह डेढ़ माह पूर्व बने भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू के नेतृत्व में जिले की 6 में से 5 नगर निकायों में भाजपा अपना उपाध्यक्ष बनाने में कामयाब हो सका है।

कल के चुुनाव में भाजपा के साथ 17 पार्षदों का समूह था। लेकिन 6 निर्दलियों के अलावा एक कांग्रेस का वोट भी श्री राठी को गया। कांग्रेस के पास 7 उसके खुद के पार्षद व एक कांग्रेस के नपाध्यक्ष का मिलाकर कुल 8 वोट थे। बावजूद इसके कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 6 वोट ही मिले।

बताना जरूरी है कि कांग्रेस का प्रत्याशी जय कुमार देवांगन 20 साल उम्र के हैं। उन्हें पता था कि कांग्रेस के पास केवल आठ मत हैं। लेकिन उन्होंने अध्यक्ष निखिलकांत साहू के पास अपनी उम्मीदवारी की मंशा रखी। अध्यक्ष निखिलकांत साहू का कहना है कि हार जीत अलग बात है। एकदम नये पार्षद के हौसले को दाद देना चाहिए जिन्होंने चुनाव लडऩे का फैसला किया।

यहां कुल 17 पार्षदों का बहुमत होने से भाजपा की जीत आसान थी। लेकिन जिला संगठन जानता था कि बीते कार्यकाल में बहुमत होने के बाद भी भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा के नपाध्यक्ष को अविश्वास प्रस्ताव के जरिये हटाया था। इसलिए जीतने के लिए अपने पार्षदों को एकजुट रखना भी बड़ी जिम्मेदारी थी।  खासकर प्रत्याशी चयन बड़ी सावधानी का काम था। ऐसे में श्री राठी वास्तव में नपाध्यक्ष पद के बड़े और स्वाभाविक दावेदार थे।


अन्य पोस्ट