महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 मार्च। आज सुबह से ही मौसम में बदलाव के चलते आसमान में बदली छाई हुई है। कल भी दिन भर तेज गर्मी के बाद कल रात्रि लगभग 9 बजे के बाद अंधड़ चलने से सरायपाली क्षेत्र में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिले में सबसे अधिक नुकसान सरायपाली शहर के दैनिक सब्जी बाजार को पहुंचा है। यहां सारे ठेले गुमटी तहस-नहस हो गए हैं। यहां घंटों बिजली भी बाधित रही।
वर्तमान में पुरानी मंडी परिसर वैकल्पिक रूप से दैनिक सब्जी बाज लग रहा है। जिसके लिए कई ठेले गुमटी बने हुए हैं। कल की आंधी में बाजार के सभी गुमटी, ठेले बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यहां विगत कुछ दिनों से काफी गर्मी पड़ रही थी। लोग कूलर, एसी का सहारा ले रहे थे। इस बीच कल रात अचानक तेज हवाएं चलने के साथ-साथ हल्की बारिश भी हुई।
हालांकि इस बारिश ने कुछ समय के लिए लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी। इस बीच घण्टों बिजली बंद हो जाने के कारण देर रात तक लोगों को अंधेरे में ही गुजारना पड़ा।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सर्कुलेशन से अगले सात दिनोंं तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर नागालैंड और आसपास के इलाकों में 1.5 किमी की ऊंचाई पर देखा जा रहा है।