महासमुन्द
कहा-सहयोग के लिए केंद्रीय कार्यालय को पत्र लिखेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मार्च। खुदकुशी करने वाले ग्राम सिंघनपुर के किसान पूरन निषाद के परिवार से मिलने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत कल उनके घर पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी पंचवती निषाद, पुत्र कुलेश्वर निषाद, टिकेश्वर निषाद से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही कहा-मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर पीडि़त परिवार को सहयोग प्रदान करने केंद्रीय कार्यालय को पत्र के माध्यम से सहयोगे की मांग करेंगे।
परिवार ने श्री टिकैत को जानकारी दी कि मृतक किसान के पास करीब पौने तीन एकड़ स्वयं की कृषि भूमि है तथा करीब दो एकड़ रेग में लेकर खेती किसानी करता है। इस वर्ष उन्होंने रबी फसल धान बोया था। सिंचाई के लिए स्वयं के नाम स्थायी बिजली कनेक्शन है। पुराने बोर में मोटर पंप फंस जाने के कारण उसमें दूसरा मोटर पंप लगाकर सिंचाई करता था। इस प्रकार खेती करने के लिए मृतक किसान द्वारा ग्रामीण बैंक शाखा झलप में करीब एक लाख पचपन हजार रुपए का केसीसी कर्ज है।
इसके अलावा करीब दो लाख रुपए साहूकारी कर्ज होना बताया है। बिजली की लो वोल्टेज की समस्या के कारण खेतों की सिंचाई पूरा नहीं होने से धान पसल सूख रहा था जिससे किसान बहुत ही ज्यादा चिंतित रहता और अपने परिवार से हमेशा चर्चा किया करता था कि फसल नहीं होने से कर्ज कैसे चुकाएंगे।
पीडि़त परिवार से मुलाकात करने वालों में चौधरी राकेश टिकैत के साथ भारतीय किसान यूनियन बुलंदशहर के जिला अध्यक्ष चौधरी अरनसिंह, छग प्रदेश प्रभारी प्रवीण क्रांति,प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा नरवाल, प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही, महासमुंद जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर शामिल थे।