महासमुन्द
होलिका दहन के लिए 64 मिनट का ही समय मिलेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च। इस वर्ष होलिका दहन के लिए भक्तों को मात्र 64 मिनट का ही समय मिलेगा। दरअसल हर साल की तरह इस साल भी पंडितों ने भद्रा की वजह से मुहूर्त की अवधि कम बताया है। फलस्वरूप होलिका दहन के लिए देर रात तक इंतजार करना होगा।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात तक इंतजार करने के बाद ही होलिका दहन का मुहुर्त कर सकेंगे। फाल्गुन पूर्णिमा तिथि की शुरूआत 13 मार्च को सुबह 10.35 बजे पर होगी और अगले दिन 14 मार्च को दोपहर 12.23 तक रहेगी। कल 13 मार्च को भद्रा पूंछ शाम 6.57 बजे से रात 8.14 बजे तक रहेगी। इसके बाद भद्रा मुख का समय शुरू हो जाएगा जो रात 10.22 बजे तक रहेगा। इसके बाद ही होलिका दहन करना शुभहोगा। हालांकि भद्रा 10.22 बजे समाप्त हो जाएगा। लेकिन दहन के लिए 13 मार्च को रात 11.26 बजे से देर रात 12.30 बजे उत्तम माना जा रहा है। इस तरह से होलिका दहन के लिए 64 मिनट का समय मिलेगा।
होली को मात्र एक दिन बाकी है। ऐसे में महासमुंद शहर के मुख्य मार्गों पर रंग-गुलाल की दुकानें सज गई है। स्वामी चौक, बरोंडा चौक में होली के लिए रंग, गुलाल व तरह-तरह की पिचकारी, मुखौटे, टोपी और हेयर विग का बाजार सज गया हैं। जहां बच्चे अपने अभिभावकों के साथ होली का सामान खरीद रहे हैं। इस साल होली मिलन समारोह जैसे आयोजनों के लिए गुलाल के सिलेंडर भी आए हुए हैं। जिनमें एक से पांच किलो तक गुलाल भरा जा सकता है। ये गुलाल एक साथ फेंका जाता है। साथ ही वाद्ययंत्रों वाली पिचकारी जैसे वीणा, सारंगी व तानपुरा की पिचकारी भी आई हुई है।
इस बार होली खेलने के लिए सफेद रंग की टीशर्ट आई हुई है जो बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आ रही हैं। इसमें होली मुबारक, बुरा ना मानो होली है जैसे संदेश लिखे हुए हैं। ये टीशर्ट वॉशेबल है। इसे धोते ही रंग भी आसानी से साफ हो जाएगा। बच्चों को मुखौटा बहुत पसंद आ रहा है। होली के लिए शेर, भालू, बंदर, बिल्ली, लोमड़ी, रीछ आदि के मुखौटे बहुत पसंद आ रहे हैं। इसके साथ ही कार्टून करेक्टर के मुखौटे भी खूब बिक रहे हैं।
होली पर रंग डलने से बाल खराब हो जाते हैं। इसलिए बालों के लिए खासतौर से हेयर विग आए हुए हैं। पहले काले रंग के हेयर विग पसंद किए जाते थे। लेकिन इस बार रंग-बिरंगे बालों वाले हेयर विग आए हुए हैं, जो बहुत पसंद किए जाते हैं। इसके साथ ही टोपी, पगड़ी भी खासतौर से आई है।
मालूम हो कि पिछले 4 दिनों से होलाष्टक लग चुका है। जो 14 मार्च को समाप्त होगा। होलाष्टक की इस अवधि में शुभ कार्य नहीं होंगे। होलाष्टक के दौरान पूजा-पाठ, तप-ध्यान करना शुभ माना जाता है। इस दौरान किसी भी तरह के मांगलिक और शुभ कार्यों को करने की मनाही होती है। इस दौरान नए घर का निर्माण, गृह प्रवेश नहीं किया जाता। सोना-चांदी, वाहन आदि खरीदने की भी मनाही होती है। इस दौरान नया व्यापार या फिर कोई अन्य काम की शुरूआत नहीं की जाती है। शादी-विवाह, मुंडन-छेदन सहित अन्य 16 संस्कार करने की मनाही होती है।