महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े साजापाली में कल सामूहिक नकल कराने मामला सामने आया है। इसे किसी ने इसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। थोड़ी देर बाद यह वीडियो डिलीट भी कर दी गई। परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल की वीडियो वायरल होने के बाद वहां के केन्द्राध्यक्ष पंचानंद ठाकुर को हटा दिया गया है। हालांकि अभी भी मामले में ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े साजापाली में 8 कमरों में परीक्षा संचालित हो रही हंै। एक दिन में दसवीं और एक दिन बारहवीं की परीक्षा होती है। वायरल वीडियो में दो शिक्षक दिखाई दे रहे हैं जो ब्लैक बोर्ड में प्रश्न पत्र के उत्तर को लिखकर परीक्षार्थियों को नकल करवा रहे हैं। शिक्षकों ने नकल कराने के लिए पहले से ही प्रश्न पत्र लाया गया था। उपलब्ध कराए गए पेपर को फ ाडक़र किचन के डस्टबीन डस्टबीन में फेंक दिया गया।
यह वीडियो एक दिन पुरानी बताई जा रही है। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आए। डीईओ ने तत्काल जांच टीम गठित की। जांच समिति में बसना एसडीएम मनोज खांडे, बसना बीईओ जे आर डहरिया, छात्रावास अधीक्षिका और तहसीलदार अर्पणा कुर्रे शामिल थे।
सोमवार को टीम जांच करने के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेसाजापाली स्कूल पहुंची और जांच में यह बात सही मिली।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सख्त निर्देश दिये हैं कि कहीं भी नकल का प्रकरण सामने आए तो अधिकारियों की खैर नहीं रहेगी। बावजूद इस तरह की लापरवाही से सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया में परीक्षा केन्द्र में नकल कराने की वीडियो मीडिया वायरल हो गई। बाद में उस वीडियो को डिलीट भी कर दिया गया है। इस मामले में अभी जांच जारी है।
बहरहाल, बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे आर डहरिया ने बताया कि सामूहिक नकल चलाये जाने की ख़बर मिलते ही उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार बड़े साजापाली हायर सेकेण्डरी स्कूल गया था। केन्द्राध्यक्ष सहित दो व्यक्ति का बयान लिया गया है। प्रतिवेदन तैयार करके जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा जाएगा।