महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 9 मार्च। बागबाहरा जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि को बार बार बढ़ाने के विरोध में शनिवार को खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर ने बागबाहरा स्थानीय विश्राम गृह में प्रेस वार्ता ली।
विधायक द्वारकाधीश यादव ने कहा कि बागबाहरा जनपद पंचायत अध्यक्ष / उपाध्यक्ष चुनाव के तारीख पर बार बार परिवर्तन करना सत्ता पक्ष की नाकामी और हार का डर है जिसके कारण चुनाव टालने का शर्मनाक खेल शुरू कर दिया है। पहले 4 मार्च को होने वाले इस चुनाव को प्रशासन ने 8 मार्च तक टाला और अब एक बार फिर 12 मार्च की तिथि घोषित कर दी गई है। यह सीधे-सीधे सत्ता पक्ष की लोकतंत्र विरोधी साजिश है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सत्ता में बैठे लोग चुनावी प्रक्रिया को कुचलकर जनप्रतिनिधियों की स्वतंत्रता को समाप्त करना चाहते हैं।
द्वारकाधीश यादव ने कहा कि सत्ता पक्ष यह भलीभांति जानता है कि उनके उम्मीदवार को बहुमत का समर्थन नहीं मिल रहा है और कांग्रेस के प्रत्याशी केशव चंद्राकर को अधिकांश जनपद सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। इस सच्चाई से बौखलाए सत्ता पक्ष के नेताओं ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने का कायराना तरीका अपनाया है।
जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर ने कहा कि सत्ता पक्ष केवल चुनाव को ही प्रभावित करने की कोशिश नहीं कर रहा, बल्कि अपनी हार सुनिश्चित देखकर जनपद सदस्यों को धमकाने और उनके परिवारजनों को प्रताडि़त करने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहा है। बिन्द्रावन क्षेत्र की जनपद सदस्य लता कुम्हार और घुचापाली क्षेत्र की जनपद सदस्य मधुलिका चंद्राकर पर खुलेआम दबाव बनाने के लिए उनके परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है।
लता कुम्हार के पति एवं मधुलिका चंद्राकर की सास, जो कि शिक्षक हैं, का ट्रांसफर 120 से 150 किलोमीटर दू सरायपाली कर दिया गया है। जबकि यह स्थानांतरण पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है, क्योंकि परीक्षाओं के दौरान शिक्षकों का स्थानांतरण नहीं किय जाता और नियमानुसार अधिकतम 8 किलोमीटर के भीतर ही स्थानांतरण किया जा सकता है। यह साफ दर्शाता है कि सत्ता पक्ष राजनीतिक प्रतिशोध की ओछी हरकतों पर उतर आया है और प्रशासन कठपुतली बनाकर जनपद सदस्यों को डराने का प्रयास कर रहा है।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को यह महसूस हुआ कि उसके उम्मीदवार की हार निश्चित है, तो चुनाव की तारीख को बार-बार आगे बढ़ाने का षड्यंत्र रचा गया एवं तीन बार चुनाव की तारीख को बढ़ाया गया है । सत्ता पक्ष जनपद सदस्यों की खरीद-फरोख्त और दबाव की नीति अपनाकर चुनाव को प्रभावित करना चाहता है। यह कृत्य न केवल अलोकतांत्रिक है, बल्कि यह सत्ता की हताशा और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। ऐसी कायरतापूर्ण हरकतें छत्तीसगढ़ की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर ने शासन से मांग किया है कि चुनाव निर्धारित तिथि पर निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जाए।
जनपद सदस्यों को धमकाने और उनके परिवार पर हमला करने की नीति तुरंत बंद हो।ट्रांसफर किए गए शिक्षकों का आदेश तत्काल रद्द कर उन्हें पूर्व स्थान पर बहाल किया जाए। यदि सरकार इन माँगों को तुरंत नहीं माना गया, तो कांग्रेस पार्टी सडक़ों पर उतरकर जन आंदोलन भी करेगी । इस मामले में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी केशव नायक राम चंद्राकर , विष्णु महानंद , पंकज हरपाल , शमीम खान , फिरोज मेमन , मनोहर ठाकुर , गणेश शर्मा सहित कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित कर सत्ता पक्ष की इस दमनकारी नीति की घोर निंदा की।