महासमुन्द

बिजली कटौती और लो वोल्टेज ने किसानों की कमर तोड़ी
08-Mar-2025 2:29 PM
बिजली कटौती और लो वोल्टेज ने किसानों की कमर तोड़ी

बोर नहीं हो रहे चालू, पानी की कमी से फसल बर्बाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मार्च।
महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के सैकड़ों गांव के हजारों किसानों की फसल गर्मी की वजह से सूख चुकी है। इसमें बिजली विभाग की घोर लापरवाही भी सामने आ रही है। तेज धूप ने खेतों की नमी खत्म कर दी और लो वोल्टेज ने बोर चालू नहीं होने दिया। अत: खेतों में दरारें आ चुकी हैं और रबी फसल धान के पौधे सूख चुके हैं। खड़ी फसल के इस तरह चौपट होने से किसानों की कमर टूट चुकी है।

इस सीजन में पिछले दो महीने से बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या है। किसानों ने कई बार अधिकारियों के सामने सिर पटका लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब फसल पूरी तरह से बर्बाद है। हजारों एकड़ खेतों में लगे धान, गेंहू, उड़द, मूंग, तरबूज की फसल सिंचाई के अभाव में मर चुकी है।

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लाक में रबी सीजन के समय लगभग 19 हजार एकड़ में धान, दलहन, तिलहन के साथ सब्जियों की फसल किसान लगाते हैं। इस साल भी किसान बड़ी संख्या में रबी फसल ले रहे हैं। बोरवेल के भरोसे हो रही खेती में सिंचाई के अभाव में खेतों की जमीन में दरारें पड़ चुकी हैं। फसलों की ग्रोथ खत्म होने के बाद अब फसलों की कहानी खत्म हो चुकी है। पिछले दो महीने से इस क्षेत्र में रात-दिन लो वोल्टेज के चलते लोग मोमबत्ती से कम रोशनी में काम चला रहे हैं। 


अन्य पोस्ट