महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मार्च। बाइक चोरी और कौवांझर के पास ट्रक लूट के मामले में महासमुंद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लूट के मामले में शामिल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 4 फरवरी को तुमगांव सीएचसी से अज्ञात आरोपी ने सुपर स्पेलेंडर को चोरी कर लिया था। जिसकी रिपोर्ट पर तुमगांव थाने में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी प्रकार थाना तुमगांव क्षेत्र में ग्राम कौंवाझर के पास रोड किनारे खड़े ट्रक के ड्रायवर के आंखों में मिर्च छिडक़कर अज्ञात आरोपियों के द्वारा 1 हजार रुपए, मोबाइल एवं ट्रक लूटने के मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान 2 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जिन्होंने अपना नाम लवेश ध्रुव उम्र 29 वर्ष निवासी नयापारा वार्ड नं.08 थाना व जिला महासमुंद, चंपेश्वर विश्वकर्मा 30 वर्ष ग्राम परसदा थाना महासमुंद बताया।
पुलिस टीम ने उक्त घटनाओं के बारे में पूछताछ किया गया तो उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी दिनेश देवदास और महिला सहयोगी चित्रा के साथ मोटर सायकल में परसदा से बैठकर कौंवाझर आए थे। कौंवाझर में रोड किनारे खड़े ट्रक के ड्रायवर से 1 हजार रुपए, मोबाइल छीनकर उसके आंख में मिर्च पाउडर भाग निकले। स्वीकार किया कि महिला सहयोगी के साथ अनेक चोरी को अंजाम दिया है। इसके बाद सभी दिनेश देवदास के मोटर साइकिल में बैठकर आगे भाग गये। पश्चात 5 फरवरी को उसने अपने दोस्त चंपेश्वर विश्वकर्मा के साथ शासकीय अस्पताल खरोरा महासमुंद से एक मोटर सायकल पैशन प्रो को चोरी कर लिया। जिसे चंपेश्वर अपने पास रखा है। फिर 8 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ शास अस्पताल तुमगांव से एक मोटर सायकल आई स्मार्ट को चोरी कर लिया। उसे रुपए की आवश्यकता होने पर 3 मार्च को मोटर सायकल पैशन प्रो को बेचने के लिए कांपा की ओर चंपेश्वर के साथ आया था।
आरोपी ने बताया कि कुछ समय से अपने दोस्त दिनेश देवदास एवं चंपेश्वर विश्वकर्मा एवं महिला मित्र चित्रा के साथ मिलकर क्षेत्र में कई चोरियां कर चुके हैं। पुलिस की टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से 02 मोटर सायकल कीमत 60 हजार रुपए जब्त कर थाना तुमगांव में अपराध धारा 303-02, बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। उक्त प्रकरण में फरार आरोपी की पतासाजी पुलिस की टीम के द्वारा की जा रही है।
