महासमुन्द

लाखों का वाटर एटीएम कबाड़ में तब्दील, मात्र दो-तीन महीने ही मिल पाई थी सुविधा
07-Mar-2025 3:24 PM
लाखों का वाटर एटीएम कबाड़ में तब्दील, मात्र दो-तीन महीने ही मिल पाई थी सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 मार्च। महासमुंद नगरपालिका ने आम लोगों को सस्ते दर पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों रुपए खर्च कर वाटर एटीएम लगवाया था जो नगरपालिका प्रशासन के ही लापरवाही के कारण आज कबाड़ में तब्दील हो चुका है। आम जनता है कि आज भी शुद्ध पेयजल के लिए जद्दोजहद कर रही है। नगरपालिका महासमुंद में वर्ष 2017 में बस स्टैंड एवं कचहरी में 9 लाख 50 हजार रुपए प्रति नग के हिसाब से दो वाटर एटीएम लगाये गये थे। ताकि आम नागरिकों को इससे पीने के लिए शुद्ध पानी मिल सके। इस एटीएम में एक रुपए डालकर शुद्ध पांच लीटर पानी मिलना था। यह सुविधा महासमुंद नगरवासियों एवं यात्रियों को महज दो-तीन महीने ही मिल पायी। उसके बाद से इस वाटर एटीएम में जो ग्रहण लगा कि आज तक शुरू नहीं हो पाया है। अंतत: यह एटीएम कबाड़ में तब्दील हो गया।

अब तो आम नागरिक पानी के लिए परेशान हंै। या फिर ज्यादा पैसा खर्च कर पानी बोतल खरीद कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। नगरीय प्रशासन ने वर्ष 2017 में साढ़े 9 लाख रुपए में जब वाटर एटीएम लगवाया तो मेंटेनेंस के लिए इसी कंपनी से 6 वर्ष का अनुबंध 2 लाख 75 हजार प्रति नग के हिसाब से कर लिया था। इस पूरे मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे ने बताया कि वाटर एटीएम चालू है कि बंद है, उसे दिखवाने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा।


अन्य पोस्ट