महासमुन्द

चिंगरिया पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रताडि़त करने, अर्थदंड आरोपित करने, गांव समाज से बहिष्कार करने वाले पांच पर कार्रवाई
07-Mar-2025 2:43 PM
चिंगरिया पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रताडि़त करने, अर्थदंड आरोपित करने, गांव समाज से बहिष्कार करने वाले पांच पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मार्च।
ग्राम पंचायत चिंगरिया पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रताडि़त करने, अर्थदंड आरोपित करने एवं गांव तथा समाज से  बहिष्कार करने की खबर पर जिला प्रशासन के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बागबाहरा ने पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के आदेश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बागबाहरा उमेश कुमार साहू ने तत्काल तहसीलदार कोमाखान हरीशकांत ध्रुव को मामले की जांच करने के लिए निर्देशित किया था। 

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बागबाहरा के आदेशानुसार तहसीलदार कोमाखान ने थाना कोमाखान प्रभारी के साथ संयुक्त रूप से जांच प्रारम्भ की। जांच के दौरान पीडि़त व्यक्ति के द्वारा थाना प्रभारी कोमाखान के समक्ष गांव के ही 05 व्यक्तियों ब्यास नारायण चंद्राकर, श्याम लाल ठाकुर, जगत राम यादव, हेमन पटेल, रेखन साहू द्वारा पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशी को  सहयोग नहीं करने की बात कहते हुए अभद्रता पूर्वक व्यवहार करने की शिकायत की। 

उक्त शिकायत पर थाना प्रभारी कोमाखान ने सभी पांचों आरोपितों के विरुद्ध दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 126, 134 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। कल ही सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि किसी भी व्यक्ति को गांव से  बहिष्कृत करना अथवा उसे समाज से अलग करने को समाजिक कुरीति एवं उस व्यक्ति के मौलिक अधिकार का हनन है। पश्चात सभी आरोपितों ने  न्यायालय के समक्ष ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए न्यायालय एवं पीडि़त व्यक्ति से क्षमा मांगते हुए भविष्य में कभी ऐसी गलती की पुनरावृत्ति नहीं करने का निवेदन किया। तत्पश्चात सभी आरोपितों को 10-10 हजार रुपए के मुचलके एवं बंध पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद उन्हें 06 माह तक क्षेत्र में शान्ति भंग नहीं करने के शर्त पर रिहा किया। 


अन्य पोस्ट