महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च। नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू कल अचानक नगर पालिका राजस्व शाखा पहुंचे। राजस्व शाखा में उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी और टैक्स करदाताओं से मुलाकात कर सभी का कुशलक्षेम जाना। राजस्व कर्मचारियों को हो रही समस्याओं से अवगत होते हुए प्रतिदिन के राजस्व वसूली प्रपत्र का अवलोकन किया। साथ ही राजस्व विभाग के टीम का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें अधिक से अधिक टैक्स वसूली के लिए उत्साहित किया और उपस्थित नागरिकों को नगर पालिका का टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था के लिए वहां की अर्थव्यवस्था एक धुरी समान होती है। जिस प्रकार शरीर में रीढ़ की हड्डी है, उसी प्रकार वित्त की आवश्यकता है।
बिना अर्थव्यवस्था के हम विकास की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। आप सभी जोरों के साथ तन और मन से वसूली कार्य पर लग जाएं।
नयापारा वार्ड क्रमांक 05 से आई वृद्ध महिला तिजिया बाई यादव से कुशलक्षेम पूछते हुए नगर पालिका में किसी प्रकार की असुविधा सुविधा की जानकारी ली। अध्यक्ष श्री साहू ने कर्मचारियों को गर्मी के दिनों में आने वाले सभी करदाताओं के लिए पीने का ठंडा पानी और बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस बीच अपने नवनियुक्त युवा अध्यक्ष निखिल कांत साहू को अपने बीच पाकर कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की तथा उत्साह वर्धन करने के लिए राजस्व शाखा के कर्मचारियों ने उनका शुक्रिया अदा किया।