महासमुन्द

गांव की चौपाल में पक्ष में वोट नहीं, 50 हजार जुर्माना का आरोप, खुदकुशी की कोशिश
05-Mar-2025 2:52 PM
गांव की चौपाल में पक्ष में वोट नहीं, 50 हजार जुर्माना का आरोप, खुदकुशी की कोशिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च।
बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिंगरिया के आश्रित गांव बाम्हनसरा में एक ग्रामीण ने पंचायत द्वारा लगाए गए भारी जुर्माने से तंग आकर आत्महत्या की कोशिश की है। 

आरोप है कि ग्रामीण हुलस साहू 55 साल ने मानसिक प्रताडऩा से 2 मार्च को कीटनाशक दवा पी ली। उनकी पत्नी सेतकुमारी के अनुसार पंचायत ने उनके परिवार पर चुनाव में एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट न देने का आरोप लगाते हुए 50 हजार रुपए का जुर्माना ठोका था। जुर्माना नहीं भरने पर गांव से निकालने की धमकी दी गई थी। इस अन्याय और सामाजिक बहिष्कार के डर से हुलस साहू टूट गए। 

जानकारी के मुताबिक 20 फरवरी को हुए पंचायत चुनाव में हुलस साहू और उनके परिवार पर एक विशेष प्रत्याशी के पक्ष में वोट न देने का आरोप लगाया गया। चुनाव परिणाम के बाद रात करीब 9 बजे कुछ ग्रामीण जबरन उनके घर पहुंचे। उन्हें उठाकर पंचायत में ले गए और भरी सभा में अपमानित किया। 

हुलस साहू ने आरोप लगाते बताया कि गांव के गेंदलाल पटेल, हेमेत पटेल, रेखन साहू और ब्यास नारायण चंद्राकर समेत कई ग्रामीणों ने पंचायत में गाली-गलौज की,धमकी दी और मारपीट करने लगे। डायल 112 की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्होंने पुलिस को जुर्माना और उत्पीडऩ की पूरी जानकारी दी। लेकिन आरोप है कि पुलिस को घटना की जानकारी होने के बावजूद अब तक एफ आईआर दर्ज नहीं की गई है। 

गांव के ही चिंताराम पिता रामलाल ने बताया कि ऐसे ही हमारे साथ घटना हुई है। ‘छत्तीसगढ़’ ने इस मामले में बागबाहरा थाना प्रभारी अजय सिन्हा को 3-4 बार फोन लगाया। घंटी बजती रही, लेकिन उन्होंनं फोन नहीं उठाया। 
 


अन्य पोस्ट