महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च। नगरीय निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भाजपा ने त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस की नींव हिला दी है। नगरीय निकाय चुनाव में महासमुंद के 6 में से 3 पर भाजपा, 2 पर कांग्रेस और 1 पर निर्दलीय अध्यक्ष बना है।
पंचायत चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते। लिहाजा सिम्बॉल भी उन्हें दल का नहीं मिलता। लेकिन पंचायत चुनाव लडऩे वाले अधिकांश प्रत्याशी किसी न किसी राजनीतिक दल से सम्बद्ध होते हैं। रिजल्ट आने के बाद राजनीतिक दल सामने आकर दावा करते हैं। तब पता चलता है कि कौन किस दल का है। मंगलवार को 4 जनपदों के चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। महासमुंद में दिशा दीवान,बसना में डिलेश्वरी निराला, पिथौरा में उषा घृतलहरे और सरायपाली में लक्ष्मी हरीशचंद्र पटेल ने शानदार जीत दर्ज की है।
लगभग माह डेढ़ माह पूर्व नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव शुरू होने के पूर्व प्रदेश भाजपा ने जिला संगठन की जिम्मेदारी युवा नेता येतराम साहू के कंधों पर ऐन उस वक्त डाली थी,जब नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव शुरू होने वाले थे। इतने कम समय में सरायपाली से जिला मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं को चार्ज करते हुये विजय तक पहुंचाना बड़ा कठिन काम था। लेकिन इस टास्क को पूरा कर उन्होंने न केवल नगरीय निकाय वरन पंचायत चुनाव में भी भाजपा को अव्वल रखा।
इस वक्त बागबाहरा जनपद का चुनाव शेष है। बताया जा रहा है कि वहां भी भाजपा बहुमत में हैं। इसी तरह जिला पंचायत में भी 15 में से 10 सीटों पर भाजपा जीत कर आई है। अर्थात महासमुंद जिला पंचायत अध्यक्ष भी भाजपा का बनना तय माना जा रहा है। बहरहाल त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत कल पिथौरा जनपद पंचायत में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन हुआ। यहां भाजपा ने दोनों पदों पर कब्जा कर लिया है। ग्राम सपोस की भाजपा समर्थित उषा पुरुषोत्तम यहां जनपद घृतलहरे अध्यक्ष चुनी गई है। जबकि ग्राम कौहाकुड़ा निवासी ब्रह्मा प्रेमशंकर पटेल उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हैं। पिथौरा जनपद पंचायत में कल पूर्वान्ह 11 बजे से चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुईं। तब से ही गहमा-गहमी का वातावरण रहा। पहले अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की गई। दो अभ्यर्थियों क्रमश: उषा घृतलहरे एवं सरोज पटेल ने नामांकन दाखिल किया। चौंकाने वाली बात यह रही की ििपथौरा जनपद में कुल 25 विधिमान्य मत थे। अर्थात कुल 25 जनपद निर्वाचन क्षेत्रों से जनपद सदस्य चुने गए हंै। किंतु कल जनपद अध्यक्ष के लिए संपन्न हुए मतदान में केवल 18 सदस्यों ने मतदान किया। जबकि शेष सात सदस्य अंतिम समय तक मतदान करने आये ही नहीं। कुल डाले गए मतों में कुल 11 वोट उषा घृतलहरे को और 6 वोट सरोज पटेल को प्राप्त हुए। जबकि एक मत निरस्त किया गया। इस तरह उषा घृतलहरे 5 मतों से विजयी घोषित की गई। दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ की गई। जिसमें ब्रह्मानंद पटेल का एक मात्र नामांकन दाखिल होने के कारण निर्विराोध घोषित हुए।
बसना जनपद में अध्यक्ष डीलेश्वरी निराला, उपाध्यक्ष मोहित पटेल का नाम उपस्थित 20 जनपद सदस्यों ने तय किया। ज्ञात हो कि यहां कुल 24 जनपद सदस्यों में से 20 भाजपा से हैं। पश्चात वे सीधे जनपद कार्यालय पहुंचे और पीठासीन अधिकारी मिसा कोसले के समक्ष जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष हेतु नामांकन दाखिल किया। इस तरह जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ। श्रीमती डीलेश्वरी निराला एवं मोहित पटेल दोनों भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी है।
महासमुंद जनपद में क्षेत्र क्रमांक 18 की सदस्य दिशा रामस्वरूप दीवान 1 वोट के अंतर से अध्यक्ष बनीं। महासमुंद जनपद पंचायत में भाजपा की दिशा रामस्वरूप दीवान ने कांग्रेस की श्रृष्टि मोहित ध्रुव को मात्र एक मत से पराजित किया। जनपद पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में कल पूर्वान्ह 11 बजे मतदान शुरू हुआ। इस दौरान भाजपा के 14 और कांग्रेस के 11जनपद सदस्यों ने मतदान किया। इस दौरान भाजपा के 14 में से 13 मत दिशा दीवान को और 12 मत श्रृष्टि दीवान को प्राप्त हुआ। यहां बाद में भाजपा की हुलसी चंद्रकार को उपाध्यक्ष बनाया गया। महासमुंद के कुुल 25 जनपद सदस्यों में 19 महिला सदस्य जीत तक जनपद पहुंची हैं।
इस तरह महासमुंद जनपद से दिशा दीवान, पिथौरा से उषा पुरूषोत्तम घृतलहरे, बसना से डिलेश्वरी मिलाप राम निराला और सरायपाली से लक्ष्मी हरिशचंद पटेल जनपद अध्यक्ष चुनीं गई हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद बागबाहरा जनपद को छोड़ महासमुंद, पिथौरा, बसना और सरायपाली में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो चुका है।
महासमुंद जनपद पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव के लिए एसडीएम हरिशंकर पैकरा पीठासीन अधिकारी तथा सहायक पीठासीन अधिकारी कृष्णकुमार साहू रहे। इसके अलावा मौके पर जनपद सीईओ बीएस मंडावी उपस्थित थे।