महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 4 मार्च। पिथौरा जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव में उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे जनपद अध्यक्ष एवं ब्रम्हा प्रेमशंकर पटेल उपाध्यक्ष चुने गए।
आज सुबह से ही जनपद सभागार में भारी गहमागहमी के बीच जनपद सदस्यों की उपस्थिति में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव शुरु हुआ। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के ही दो सदस्य आमने-सामने थे। इनमें उषा घृतलहरे एवं सरोज पटेल ने अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल किया था।
अध्यक्ष पद हेतु कुल 25 सदस्यों में से 18 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें उषा को 11, प्रतिद्वंदी सरोज को 6 मत मिले। एक मत रिजेक्ट हुआ। अन्य 7 जनपद सदस्य निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए। वहीं उपाध्यक्ष निर्वाचन में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेमशंकर पटेल के पुत्र निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिए गए।
कांग्रेस की अनुपस्थिति चर्चा में रही
पूरी चुनावी प्रक्रिया में 7 जनपद सदस्य अनुपस्थित थे। चर्चा है कि इनमें सभी कांग्रेस समर्थित थे। इनकी उपस्थिति से समीकरण बदल भी सकते थे।