महासमुन्द
महासमुंद, 4 मार्च । प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत गति बजट को भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने छत्तीसगढ़ के विकास को चहुमुंखी गति देने वाला तथा भाजपा के ध्येय वाक्य हमने बनाया है हम ही संवारेंगे को चरितार्थ करने वाला बताया है। श्री साहू ने कहा कि वित्त मंत्री ने विधानसभा में 1लाख 65 हजार 100 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है। इस बजट में हेल्थ सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, मेडिकल कॉलेजों को सशक्त बनाने, नए अस्पतालों की स्थापना तथा नैचुरोपैथी को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
बस्तर क्षेत्र के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर दूरस्थ अंचल को भी स्वास्थ सुविधाओं से लैस करने का प्रावधान बजट में रखा गया है। इसके अलावा हमारे महासमुंद चिकित्सा महाविद्यालय में 14 करोड़ की लागत से 128 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने का प्रावधान जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं नर्सिंग कॉलेज भी महासमुंद में खोलने की बात बजट में कही गई है। जो नर्सिंग क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्राओं के लिए सुखद भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार में छत्तीसगढ़ बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिस कल्पना और विचार को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था।
उस उद्देश्य की पूर्ति करते हुए साय सरकार विकास के पथ पर अब दौडऩे लगी है। आज का बजट बताता है कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के कालातीत काल से निकाल कर आगे बढ़ाने का कार्य किया है।