महासमुन्द
महासमुंद, 4 मार्च। साय सरकार द्वारा प्रस्तुत दूसरे बजट को पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने प्रदेश वासियों के लिए निराशाजनक बताया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि इस बजट में पूर्व के वादों को भूला दिया गया है। भाजपा अपने घोषणा पत्र में किए वादों को लेकर इस बजट में भी कोई विचार नहीं कर पाई है। श्री चंद्राकर ने कहा कि 2 साल के भीतर 1 लाख भर्ती की बात कही गई थी।
बजट में ना ही 1 लाख नई सरकारी नौकरी का जिक्र है, न अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का कोई रोडमैप, न 500 में सिलेंडर याद रहा। न बेरोजगारी भत्ता और न ही छात्रों को बस का फ्री पास का जिक्र किया गया। श्री चंद्राकर ने कहा कि वित्तमंत्री केवल तुकबंदी करते रहे। मोदी की पुरानी अधूरी गारंटियों पर मौन रहकर केवल झूठा यशोगान करते रहे। दूसरी सरकारों के कार्यों और योजनाओं का श्रेय खुद ही ले लिए। यह सरकार पूर्व में संचालित उद्योगों को भी संचालित करने में नाकाम रही है। अब नए उद्योग लगाकर रोजगार के अवसर बढ़ाने का झूठा दावा कर रही है।
हकीकत यह है कि पिछले 15 महीना के भीतर 300 से अधिक राइस मिल बंद हुए हैं। 450 से ज्यादा स्पंज आयरन और रोलिंग मिल की फैक्ट्रियां बंद हुई है। भाजपा सरकार की उपेक्षा के चलते ही 2-2 सहकारी शक्कर कारखाने प्रदेश में बंद हो गए।
यह सरकार नौकरी देने नहीं बल्कि रोजगार छीनने वाली सरकार है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार में शिक्षा पर कुल बजट का 19.4 प्रतिशत खर्च किया गया था जो अब इस बजट में घटकर मात्र 12 रह गया है। कृषि के क्षेत्र में कुल बजट कांग्रेस के समय लगभग 17 प्रतिशत हुआ करता था, जो अब घटकर मात्र 10 प्रतिशत रह गया है। धान और किसान छत्तीसगढ़ की पहचान है। लेकिन भाजपा की सरकार ने कृषि पर बजट आवंटन लगभग 6 प्रतिशत घटा दिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ओडि़शा में विधानसभा चुनवा के दौरान रबी फसल को भी 3100 रुपए में खरीदने की घोषणा कर आए थे। लेकिन छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए रबी फसल धान के समर्थन मूल्य को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई। पीडब्ल्यूडी जैसे महत्वपूर्ण विभाग का बजट कुल बजट का मात्र 5 प्रतिशत रह गया है। इतनी कम राशि से नए निर्माण तो दूर रखरखाव भी संभव नहीं होगा। शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में 8 प्रतिशत की भारी भरकम कटौती भारतीय जनता पार्टी की दुर्भावना और जन विरोधी नीतियों को प्रमाणित करता है।