महासमुन्द

बीच रास्ते ट्रक से धान की चोरी, चालक पर अपराध दर्ज
03-Mar-2025 3:40 PM
बीच रास्ते ट्रक से धान की चोरी,  चालक पर अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 मार्च। बीच रास्ते में ट्रक से धान की चोरी के एक मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना पिथौरा क्षेत्र ग्राम मेमरा चमरू यादव के दुकान के समीप की है।

प्रार्थी क्षमानिधी साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे धान खरीदी केन्द्र कुरचुंडी के प्रभारी है। बीते 1 मार्च 2025 को एक ट्रक के चालक नवीन सेठ के ट्रक में खरीदी केन्द्र से 700 बोरी वजन धान मोटा संग्रहण केन्द्र महासमुंद तुमाडबरी के लिये रवाना किया था। उक्त ट्रक के चालक नवीन सेठ अपने ट्रक से धान बोरी गिराकर अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर धान की चोरी कर रहा था।

जिसकी सूचना मिलने पर मौके पर जाकर ट्रक को पकडक़र लड्डू गोपाल धरमकांटा में ट्रक को ले जाकर कांटा कराया तो लोड किये भार वजन से 90 किलो धान कम होना पाया गया। ट्रक चालक और अन्य व्यक्ति द्वारा शासकीय धान की चोरी पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 316-3, 3, 5 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मालूम हो कि धान खरीदी केंद्रों से धान उठाव होने के बाद सोसायटियों में शॉर्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसी तारतम्य में कल 2 मार्च को बसना पिथौरा ब्लॉक से एक बड़ा खुलासा सामने आया है। जहां धान उठाव के बाद बीच रास्ते में ही धान की बोरी गायब हो रही है। जिसका सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के साथ ही इस क्षेत्र के खरीदी प्रभारियों ने लिखित शिकायत थाने में दी है। इसकी जानकारी लोगों ने पिथौरा एसडीएम को भी दी है। वायरल वीडियो में ट्रक से बेधडक़ धान उतारते दिखाई दे रहा था। इसकी शिकायत धान जानकारी अनुसार जिले के धान खरीदी केंद्र से उठाव होने के बाद प्रति ट्रक 5 से 6 क्विटल धान की शार्टेज लगातार मिल रही है। जबकि प्रभारियों का कहना है कि धान में बराबर नमी चेक कर धान खरीदी की गई है। लगातार शॉर्टेज की समस्या से वे बेहद परेशान हैं। खरीदी प्रभारियों ने बताया कि उन्हें पहले ही शक था कि बीच रास्ते में ट्रक चालाक धान गड़बड़ी कर रहे हैं। इस खुलासे के बाद उन्हें अब पूर्ण विश्वास हो चला है कि इन्हीं लोगों द्वारा शॉर्टेज की समस्या है।

गामीणों के अनुसार मेमरा गांव के होटल में लंबे समय से चोरी का माल खपाने का काम जारी है। यहां प्रत्येक ट्रकों का रूकना होता है। लोगों ने इस मामले में कड़ी जांच कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट