महासमुन्द

चिकित्सा प्रकोष्ठ और आईएमए के सदस्य मिले स्वास्थ्य मंत्री से
02-Mar-2025 4:04 PM
चिकित्सा प्रकोष्ठ और आईएमए के सदस्य मिले स्वास्थ्य मंत्री से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च।
चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ और आई.एम.ए. रायपुर के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा के प्रतिनिधित्व में कल विधानसभा परिसर में स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल से भेंट की।

चिकित्सा प्रकोष्ठ और आई.एम.ए. के सदस्यों ने वित्तीय वर्ष 2025 के अनुपूरक बजट में आयुष्मान भारत योजना के लंबित भुगतान हेतु 1550 करोड़ की राशि को शामिल करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्वास्थ्य मंत्री से भेंट कर प्रतिनिधिमंडल ने चर्चा की, कि जिन अस्पतालों पर अनियमितता बरते जाने के कारण कार्यवाही की गई है उन सभी अस्पतालों को एक और अवसर प्रदान किया जाना चाहिए जिससे वह अपने अस्पतालों का संचालन और सभी कार्यों का क्रियान्वयन सही से कर सकें, और अगर इन सभी के बावजूद किसी अस्पताल द्वारा अनियमितता बरती जाती है तो चिकित्सा प्रकोष्ठ और आई.एम.ए. द्वारा उन अस्पताल को किसी भी प्रकार से सहयोग नहीं किया जाएगा। फिर शासन और प्रशासन स्वतंत्र है उनके ऊपर कार्यवाही करने के लिए।  

प्रतिनिधिमंडल ने आयुष्मान भारत योजना के पैकेज को बढ़ाने के लिए मांगे रखी और कहा कि महंगाई बढ़ रही है, पिछले पैकेज को बने हुए 10 वर्ष हो चुके हैं अब नए पैकेज की आवश्यकता है, जिसमें पैकेज के दर को बढ़ाया जाए तथा निगरानी समितियां बनाई जाए जो समय-समय पर सभी अस्पतालों की निगरानी करें और सभी अस्पतालों के कार्यों का क्रियान्वयन नियमित और सही तरीके करवाए। इसी प्रकार स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक मुद्दों पर भी स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की गई और उनके निराकरण की मांग की गई।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद कहा कि सभी मामलों को नियमित किया जाएगा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े समस्याओं को जल्द से जल्द सुलझाया जाएगा तथा आयुष्मान भारत योजना की लंबित राशि को जल्द ही भुगतान किया जाएगा। और जहां भी अनियमितता पाई जाएगी उन सभी पर जांच करते हुए कड़ी कार्यवाही की जाएगी।


अन्य पोस्ट