महासमुन्द

सत्याग्रही किसानों को पुलिस ने रोका और 15-16 ट्रैक्टर जब्त कर थाने ले गई
02-Mar-2025 2:56 PM
सत्याग्रही किसानों को पुलिस ने रोका और 15-16 ट्रैक्टर जब्त कर थाने ले गई

करणी कृपा पॉवर प्लांट के विरोध में कलेक्टोरेट घेरने जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च।
महासमुंद में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर किसान आंदोलन करने वाले सत्याग्रही किसानों को पुलिस ने शुरू होने से पहले ही रोक दिया। पुलिस ने तुमगांव के भोरिंग चौक पर किसानों को रोका और 15-16 ट्रैक्टर जब्त कर तुमगांव थाने ले गई।

 मालूम हो कि शुक्रवार को छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान करणी कृपा पॉवर प्लांट के विरोध में कलेक्टोरेट का घेराव करने जा रहे थे। किसानों ने ट्रैक्टर खड़ी कर सडक़ जाम लगा दिया था। तुमगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 66 लोगों को गिरफ्तार किया।

जानकारी अनुसार आंदोलन में किसानों ने ट्रैक्टरों को 28फरवरी को सडक़ पर खड़े कर जाम लगा दिया था और पुलिस  की समझाइश के बावजूद नहीं माने। जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर स्थित तुमगांव में पुलिस ने कार्रवाई की।

प्रशासन ने किसानों को यात्री बस से कलेक्टोरेट जाने की अनुमति दी। लेकिन किसान ट्रैक्टर रैली से जाने पर अड़े रहे। प्रशासन ने शहर में किसानों के प्रवेश को रोकने के लिए तुमगांव, कौंदकेरा, परसदा पुलिस लाइन, बेमचा और घोड़ारी में बैरिकेडिंग लगाई थी।

किसानों की 12 सूत्रीय मांगों में प्रमुख रूप से सभी फसलों के समर्थन मूल्य को कानूनी दर्जा, पॉवर प्लांट के प्रदूषण से फसलों को हो रहे नुकसान की भरपाई, किसानों की जमीन पर अवैध कब्जे का मुद्दा। किसान इन मांगों पर कलेक्टर से लिखित जवाब मांगने जा रहे थे।

ग्राम पंचायत मालीडीह के किसान हेमसागर पटेल का कहना है करणी कृपा पावर प्लांट के खिलाफ पिछले 3 सालों से आंदोलन कर रहे हैं। 24 जनवरी को कलेक्टर को आवेदन दिया था। लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।

किसानों ने करणी कृपा पावर प्लांट पर ढाई एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसडीओपी अजय शंकर त्रिपाठी का कहना है कि, बिना अनुमति के सभी किसान ट्रैक्टर रैली लेकर कलेक्टोरेट जा रहे थे, जिसे रोका गया है।

एसडीओपी का कहना है शासकीय कार्य में बाधा, जनहानि की सुरक्षा को देखते हुए बीएनएस की धारा 170 के तहत रोका गया है। 15-16 ट्रैक्टर को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किया गया है। इसके अलावा 66 लोगों को गिरफ्तार किया है।

 


अन्य पोस्ट