महासमुन्द
महासमुंद,27 फरवरी। आरटीआई कार्यकर्ता रूपानंद सोई द्वारा सूचना के अधिकार के तहत पिथौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अनसुला एवं ग्राम पंचायत परसापाली में 4 मई 2022 को जनसूचना अधिकारी से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई थी। समय सीमा निकलने के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर रूपानंद सोई द्वारा 11 जुलाई 2022 को सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा के समक्ष प्रथम अपील दायर की गई। उसके बाद भी जब जानकारी प्राप्त नहीं हुई तो आरटीआई कार्यकर्ता रूपानंद सोई ने छग राज्य सूचना आयोग रायपुर में द्वितीय अपील की।
द्वितीय अपील की सुनवाई में जनसूचना अधिकारी द्वारा अपीलकर्ता को जानबूझकर वांछित जानकारी से दो साल तक बंचित रखे जाने, प्रथम अपील अधिकारी के आदेशों की अवहेलना किये जाने के प्रकरण में उदासीनता बरतने के लिए दोषी मानते हुये राज्य सूचना आयुक्त नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने जनसूचना अधिकारी सरिता सिन्हा, ग्राम पंचायत अंसुला एवं जनसूचना अधिकारी हरीहर यदु, ग्राम पंचायत परसापाली के विरूद्ध सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 20-1 के तहत 25-25 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। जिसकी वसूली इनके वेतन से की जायेगी।