महासमुन्द
ग्राम भगत देवरी स्कूल की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 फ रवरी। जिले के बसना विकासखंड के सांकरा जोंक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगत देवरी की फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जर्जर भवन की छत को तोड़ते समय मलबे के साथ मजदूर गिर गया और मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त स्कूल भवन को तोडऩे पांच मजदूर कार्य कर रहे थे। जिसमें से एक मजदूर सिदार सिंह बरिहा पिता ननकी 60 वर्ष लेंटर को घन मारते तोड़ रहा था। इस दौरान लेंटर का एक बड़ा हिस्सा के साथ मजदूर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पुलिस 112 एवं सांकरा पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सांकरा पुलिस मौके पर पहुंची। मलबे को हटाकर मजदूर के शव को बाहर निकाला गया।
सांकरा थाना प्रभारी राणा सिंह ठाकुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगतदेवरी स्कूल का छत जर्जर हो गया था। जिसे जीर्णोद्धार हेतु मजदूरों को छत तोडऩे के लिए ठेका में दिया गया था। कल से सिदार सिंह बरिहा पिता ननकी बरिहा, जागेश्वर चौहान, घनश्याम बरिहा सहित चार-पांच मजदूर छत को तोडऩे का काम कर रहे थे।
कल दूसरे दिन एक मजदूर सिदार सिंह बरिहा लेंटर को घन से बलपूर्वक तोड़ रहा था। उसी दरमियान लेंटर के बड़े हिस्से के साथ वह भी जमीन के नीचे आ गिरा। लेंटर के मलवे के साथ वह दब गया। मजदूर की चीख पुकार सुनकर सभी मजदूर नीचे आकर मलबा को हटाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया। लेकिन मलबे के बड़े हिस्से से कुचलने चोट लगने के कारण मजदूर की मौके पर मौत हो गई।
फिलहाल सांकरा पुलिस मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है। शव के पोस्टमार्टम बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।