महासमुन्द

नागर शैली के शिवालय की प्राण प्रतिष्ठा 25 से, मंदिर में सीमेंट का उपयोग नहीं के बराबर
24-Feb-2025 2:30 PM
नागर शैली के शिवालय की प्राण प्रतिष्ठा 25 से, मंदिर में सीमेंट का उपयोग नहीं के बराबर

छत्तीसगढ़ संवाददाता

महासमुंद, 24 फ रवरी। बीटीआई मार्ग स्थित जगत विहार कॉलोनी में नागर शैली के शिवालय का निर्माण कराया गया है। जिसकी प्राण प्रतिष्ठा 25 से तीन दिनों तक अनवरत जारी रहेगी। शहर में बना यह मंदिर अपने आप में इसलिए अलग है क्योंकि इस मंदिर में सीमेंट का उपयोग नहीं के बराबर ही किया गया है।

 मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2024 में समस्त जगत विहार कॉलोनी,जगत विहार कॉलोनी कौशिक कॉलोनी, बीटीआई रोड, गौरव पथ महासमुंद में निर्मित शिव मंदिर में 25 फरवरी से 27 फरवरी तक 3 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें 25 फरवरी को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक जल कलश यात्रा, गणेश पंचांग पूजन,जल यात्रा, जलाधिवास, अन्नाधिवास, मेवाधिवास, फलाधिवास, शयनाधिवास, 26 को सुबह 7 से 11 बजे एवं दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक वास्तु शांति, ध्वजा, शिखर कलश स्थापना, शिव प्राण प्रतिष्ठा, 27 फरवरी को सुबह 7 से 11 बजे तक प्रसाद वितरण एवं 12 बजे से महाअभिषेक, पूर्णाहूति, प्रसादी वितरण कार्यक्रम होगा। उक्त पूजा कार्य पं. पंकज तिवारी द्वारा किया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार भारत में मंदिरों की प्रमुख 3 शैलियां प्रचलित हैं। जिसमें से नागर शैली में द्वारिका मंदिर, महादेव देवघाट, पुरी जगन्नाथ मंदिर शामिल हैं। जबकि द्रविड़ शैली में कर्नाटक के अनेक मंदिर मदुरै तथा तमिल के मंदिरों का निर्माण हुआ है। वहीं तीसरी शैली देशर है जो दविड़ और नागर के बीच की शैली हैं। जगत विहार कॉलोनी में प्राण प्रतिष्ठा होने जा रहे मंदिर में ईंटों को पृथक तरीके से काटकर जोड़ा गया है।

श्री साहू ने बताया कि यहां लगाए गए ईंटों की आयु 1 हजार साल तथा मसालों की आयु 100 साल है। अधिकांश टेराकोटा का इस्तेमाल किया गया है। शहर में इस मंदिर में भारतीय वास्तुकला का पूर्णत: ध्यान रखा गया है। यहां के निवासियों के सहयोग से इस मंदिर का निर्माण शुरू कराया गया था।

 मंदिर निर्माण वास्तुकार बीआर साहू के मार्गदर्शन में किया गया है। नगर पालिका के रिटायर्ड इंजीनियर श्री साहू इसके पूर्व अनेक मंदिरों की वास्तुकला में सहयोग कर चुके हैं। देश के अनेक मंदिरों की शैलियों का अध्ययन किये जाने के बाद शहर के इस मंदिर की वास्तु की नींव रखी गयी थी।


अन्य पोस्ट