महासमुन्द
इस साल साढ़े 9 हजार वाहक, 784 पॉजिटिव मिले, सर्वाधिक सरायपाली ब्लॉक में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 फरवरी। महासमुंद जिले में प्रतिवर्ष सिकलसेल तथा एनीमियां के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बार सरायपाली ब्लॉक में सिकलसेल के सर्वाधिक मरीज मिले हैं। हालांकि सिकल सेल की रोकथाम के लिये प्रदेश सहित जिले भर के शासकीय अस्पतालों में जांच शुरू की गई है। जिसमें सिकलसेल सकारात्मक आने वाले मरीजों की विशेष देख-रेख में उपचार किया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 6लाख 50 हजार 953 लोगों की जांच की गई थी। जिसमें 6लाख 24 हजार 866 नकारात्मक मिले। जबकि इनमें से 9459 वाहक तथा 784 पॉजिटिव मिले हैं। जिन्हें विटामिन्स,फोलिड एसिड सहित खून बढऩे की दवाएं देकर उपचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार जिला प्रशासन सिकलसेल को लेकर इन दिनों अभियान चला रही है। यह भी जानकारी मिली है कि हर साल प्रदेश में 1 फीसद सिकलसेल के मरीजों में इजाफ ा होता है। फलस्वरूप मेडिकल कॉलेज सहित आयुष्मान केन्द्र में, प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच शुरू की गई है। जिले में कुल 2.40 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एनीमिया तथा सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारी लंबे समय से जिले सहित प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में जड़ जमाए हुए हैं। जनजातीय समुदाय का लगभग हर घर इससे प्रभावित है। फलस्वरूप इसे जड़ से खत्म करने की कवायद शुरू की जा चुकी है।
डॉक्टरों के मुताबिक एनीमिया सिकल सेल हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं का एक अनुवांशिक रोग है। इसमें मुख्य रूप से सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया शामिल है। सिकलसेल एनीमिया ऐसा रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं जल्दी टूट जाती है। इसके कारण एनीमिया और अन्य जटिलताएं जैसे कि वेसो-ओक्लुसिव क्राइसिस, फेफड़ों में संक्रमण, एनीमिया, गुर्दे और यकृत की विफलता, स्ट्रोक आदि की बीमारी और यहां तक की पीडि़त के मौत तक की आशंका रहती है। प्रदेश में आए दिन जनजातीय समुदाय की मौतें एनीमिया सिकल सेल के कारण हो रही है। जबकि मध्य प्रदेश में एनीमिया सिकलसेल आदिवासी बाहुल्य इलाकों में ज्यादा फैला हुआ है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में सिकल सेल एनीमिया बीमारी को लेकर केंद्र सरकार ने शुरुआत करते हुए साल 2047 तक इस रोग को भारत से जड़ से खत्म कर ने के लिए मिशन चलाने संकल्प लिया था। इसी इस मिशन का उद्देश्य के तहत विशेष रूप से जिले के आदिवासी आबादी के बीच सिकल सेल बीमारी को लेकर लोगों के जागरूक करना है। इस मिशन के तहत प्रदेश के 33 जिलों को शामिल किया गया है। जिसमें से एक महासमुंद जिला भी है।
डॉक्टर कहते हैं कि सिकलसेल में इसमें शरीर की लाल रक्त कोशिका ऑक्सीजन की कमी के वजह से हंसिए के आकार में हो जाता है। इस वजह से इसको सिकल सेल कहा जाता है। शरीर के किसी भी ऑर्गन में खून की धमनियों को ब्लॉक कर देता है। जिससे उस जगह दर्द होता है। वहां के टिशूज मर जाते हैं और भी काफी कॉम्प्लिकेशंस होते हैं। यह बीमारी अनुवांशिक है। प्रदेश के कुछ खास जाति वर्गों में यह बीमारी ज्यादा पाई जाती है। अलग-अलग जातियों में अगर शादी होती है तो इस बीमारी की संभावनाएं काफ ी कम हो जाती हैं। लेकिन जिन लोगों को यह बीमारी हो गई है, उनका ट्रीटमेंट सही समय पर करना बहुत जरूरी होता है। नहीं तो ऑर्गन डैमेज होने का खतरा रहता है। सिकल सेल बीमारी के लक्षण बच्चे के जन्म के 5 या 6 महीने के बाद से ही दिखने शुरू हो जाते हैं। इस बीमारी के सामान्य संकेतों और लक्षणों में शरीर में दर्द और कई बार बैक्टीरियल संक्रमण होना, हाथों और पैरों में सूजन, एनीमिया, दृष्टि संबंधी समस्याएं शामिल हंै।
डॉ.पी. कुदेशिया,सीएमएचओ स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि महासमुंद जिले में कुल 2 लाख 40 हजार लोगों की जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धनात्मक आने वाले लोगों को विशेष चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। शून्य से लेकर 40 साल तक के लोगों से अपील की जा रही है की वे अपनी जांच अवश्य कराएं। मिशन का उद्देश्य विशेष रूप से आदिवासी आबादी के बीच सिकल सेल बीमारी को लेकर लोगों के जागरूक करना है।