महासमुन्द

कॉलेज ने चाय-नाश्ते और रबर-पेंसिल में उड़ा दिए 10 लाख
19-Feb-2025 3:14 PM
कॉलेज ने चाय-नाश्ते और रबर-पेंसिल में उड़ा दिए 10 लाख

 रविवि ने प्राचार्य को थमाया नोटिस 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,19 फरवरी।
पंडित रविशंकर शुक्ल विवि ने महासमुंद के एक महाविद्यालय को परीक्षा कार्य में अतिरिक्त खर्च को लेकर नोटिस थमा दिया है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित की गई व्यय राशि से 10 लाख 50 हजार 435 रुपए महाविद्यालय द्वारा अतिरिक्त खर्च किए गए हैं। रविवि ने अतिरिक्त खर्च का भुगतान तो महाविद्यालय को कर दिया है। लेकिन साथ ही प्राचार्य को नोटिस देते हुए उच्च शिक्षा विभाग को भी खत लिखा है। मामला महासमुंद जिले के बागबाहरा स्थित शासकीय खेमराज लक्ष्मीचंद कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय का है।

जानकारी अनुसार विवि द्वारा महाविद्यालयों को उत्तरपुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र प्रेषित किए जाते हैं। इसका व्यय रविवि ही वहन करता है। इसके अतिरिक्त केंद्रों में नियुक्त पर्यवेक्षक को पारिश्रामिक राशि प्रदान करने, जलपान, रबर-पेंसिल सहित अन्य व्यय के लिए रविवि महाविद्यालयों को राशि प्रेषित करता है। बागबाहरा के शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय को बीते सत्र में वार्षिक परीक्षा, सेमेस्टर परीक्षा और पूरक परीक्षा के लिए 16 लाख 4 हजार का समायोजन रविवि द्वारा किया गया है। विवि के अनुसार इसमें से 10 लाख 50 हजार 435 रुपए आधिक्य व्यय है।

आरोप है कि महाविद्यालय प्रबंधन ने निर्धारित राशि से कई गुना अधिक राशि परीक्षाओं पर खर्च किए हैं। केवल जलपान, स्टेशनरी और पर्यवेक्षकों के भुगतान में ही इतनी बड़ी राशि खर्च किए जाने पर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। विवि प्रशासन ने भी जांच बैठाने के स्थान पर केवल चेतावनी पत्र ही जारी किया है। कोरोनाकाल के बाद यह पहला मामला है, जब किसी महाविद्यालय द्वारा इतनी बड़ी राशि परीक्षा कार्य में खर्च की गई है।

जानकारी अनुसार विवि परीक्षाएं सम्पन्न होने के बाद महाविद्यालयों को खर्च की राशि देता है। पिछले माह हुई कार्यपरिषद की बैठक में यह मामला सामने आया था। विवि द्वारा महाविद्यालय पर कोई कार्रवाई फिलहाल नहीं की गई है। परीक्षा अवधि में कार्यरत प्राचार्यों को नोटिस देने का फैसला कार्यपरिषद की बैठक में लिया गया। इसके बाद प्राचार्यों को नोटिस थमा दिया गया है। चेतावनी पत्र जारी करने के अलावा विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है। 
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा भी कोई कार्रवाई फिलहाल नहीं की गई है।


अन्य पोस्ट