महासमुन्द

मतदाताओं को ले जा रही वैन में आग, परिवार के चार घायल
19-Feb-2025 3:09 PM
मतदाताओं को ले जा रही वैन में आग, परिवार के चार घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 फरवरी।
बसना क्षेत्र के ग्राम सलपपानी से केरामुंडा मतदान करने वैन में चार लोग सवार होकर जा रहे थे । केरामुंडा के पहले चलती वैन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। जिससे वैन के भीतर सवार चार लोगों में अफरा तफरी मच गई और जान बचाने के लिए दरवाजा खिडक़ी तोडक़र बाहर छलांग लगा दिये। इससे सभी चार लोग घायल हो गए। वहीं आग से  वैन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। 

घायलों को बरौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया। उच्च स्तरीय चिकित्सा हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। जहां उपचार किया गया। 
स्वास्थ्य संयोजक शशि भूषण प्रधान के अनुसार चुनाव ड्यूटी में सेवारत स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा फोन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना को सूचित किया गया कि सलपपानी से केरामुडा ओमनी मारुति वैन में वोट डालने जा रहे एक ही परिवार के चार लोग इच्छाराम पिता प्यारी लाल उम्र 45 साल, विष्णु पिता इच्छा राम उम्र 12 साल, उजली बाई इच्छाराम, बुधवारा बाई ;65 वर्ष जा रहे थे।

केरामुंडा मतदान केंद्र से करीब 100 मीटर पहले वैन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से जान बचाने कार का दरवाजा तोडक़र छलांग लगाई। चोट के कारण वे सभी घायल हो गए। सूचना मिलते ही चुनाव ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य संयोजक शशि भूषण प्रधान एंबुलेंस लेकर घटना स्थल केरामुंडा पहुंचे। वहां से चारों लोगों को एंबुलेंस में लाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली ले जाया गया। जहां सभी का उपचार किया गया। चार लोगों में से दो लोगों को ज्यादा चोटें लगी है। जबकि दो लोग घटना से सदमे में थे। बाद में उपचार के बाद उन्हें भी छुट्टी दे दी गई।


अन्य पोस्ट