महासमुन्द

मतदान केंद्रों में मतदाताओं का सहयोग कर रहे एनएसएस व स्काउट गाइड के कैडेट्स
11-Feb-2025 3:22 PM
मतदान केंद्रों में मतदाताओं का सहयोग कर  रहे एनएसएस व स्काउट गाइड के कैडेट्स

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 11 फरवरी।
नगरीय निकाय चुनाव अंतर्गत सभी वर्ग के मतदाताओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिसके अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के सहयोग के लिए एनएसएस व स्काउट गाइड के कैडेट्स  मतदान केंद्रों में दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों तथा शारीरिक रूप से अक्षम मतदाताओं को सहयोग प्रदान करने एवं व्हील चेयर, पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे है। वरिष्ठ मतदाताओं ने कहा कि इनके सहयोग से ही हम मतदान केन्द्र तक वोट डालने पहुंचे है। प्रशासन की यह अच्छी सुविधा है। जिसके लिए उन्होंने प्रशासन की सराहना की। सभी प्रकार की सुविधाएं मिलने से मतदाता बढ़-चढक़र वोटिंग में हिस्सा ले रहे है।

कहा जाता है कि मतदान पर्व में हर नागरिक की भागीदारी अहम होती है। इसी कड़ी में महासमुंद के वार्ड क्रमांक 27 की दिव्यांग मतदाता उषा बाई कन्नौजे ने मतदान कर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला गुडरुपारा स्थित मतदान केंद्र में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उषा बाई कन्नौजे शारीरिक रूप से अक्षम होने के बावजूद मतदान केंद्र तक पहुंचीं और पूरे उत्साह के साथ मतदान किया।  मतदान केंद्र में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी मदद की और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मतदान करने की सुविधा दी।

मतदान के बाद उषा बाई ने कहा, मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। मैं सभी से अपील करती हूं कि वे अपने वोट का उपयोग अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। उनके इस जज्बे को देखकर अन्य मतदाता भी प्रेरित हुए।

प्रशासन की ओर से भी दिव्यांग मतदाताओं को सहायता प्रदान करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे वे बिना किसी कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

 


अन्य पोस्ट